सोमवार से सामूहिक अवकाश पर जाएंगे रोजगार सहायक
16 रोजगार सहायकों की मौत के बाद भी अनदेखी, जनपद परिसर में देंगे धरना

बैतूल। चिचोली ब्लॉक के सभी ग्राम रोजगार सहायक सामूहिक अवकाश पर जाने की तैयारी में हैं। अपनी लंबित मांगों को लेकर मनरेगा ग्राम रोजगार सहायक/सहायक सचिव महासंघ मध्यप्रदेश के आह्वान पर 9 से 14 दिसंबर तक सामूहिक अवकाश लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया है।
ग्राम रोजगार सहायक संघ के अध्यक्ष सरवन कवडे ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोजगार सहायकों की मांगों को लेकर नियमितीकरण, अनुग्रह सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, और बीमा जैसी योजनाओं की घोषणा की थी। लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यकाल में इन घोषणाओं पर कोई अमल नहीं किया गया।
इस बीच, प्रदेश भर में 16 ग्राम रोजगार सहायकों की अचानक मौत हो चुकी है। मृतक सहायकों के परिजन परेशान हैं और उनके परिवारों को सुरक्षित भविष्य देने की मांग बार-बार उठाई जा रही है। इसी को लेकर संघ ने 9 दिसंबर से 14 दिसंबर तक 5 दिनों का सामूहिक अवकाश लेकर चिचोली जनपद परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
संघ के देवेंद्र चौहान ने बताया कि विधायक गंगा बाई उइके को भी इस विषय में आवेदन दिया जा चुका है। सचिव गोविंद वागद्रे ने कहा कि यदि शासन ने रोजगार सहायकों की मांगें नहीं मानीं तो यह आंदोलन लंबे समय तक जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश यादव, देवेंद्र चौहान, मोहन कुमरे, ऋषि ठाकुर, अनिल वागद्रे, सचिन कुम्हारे, आशीष आर्य, और टेनीलाल धुर्वे समेत अन्य रोजगार सहायक शामिल थे। रोजगार सहायकों ने कहा कि मांगों के प्रति सरकार की अनदेखी से रोजगार सहायकों में गहरा असंतोष है, और अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है।




