बैतूल में तेज रफ्तार मिक्सर मशीन पलटी, साइकिल सवार बुजुर्ग गंभीर घायल।
मोक्षधाम मोड़ पर हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, जिला अस्पताल में भर्ती।

बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मोक्षधाम मोड़ पर बुधवार को तेज रफ्तार मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार बुजुर्ग मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिक्सर मशीन तेज गति से मोक्षधाम मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और मशीन सड़क पर पलट गई। उसी समय वहां से गुजर रहे साइकिल सवार बुजुर्ग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर यातायात रोका और क्रेन की मदद से पलटी मशीन को हटाकर सड़क किनारे किया, जिसके बाद मार्ग फिर से चालू किया गया।
हादसे के बाद मशीन से बड़ी मात्रा में ऑइल सड़क पर फैल गया था। फिसलन के खतरे को देखते हुए नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर व्हाइट पाउडर डाला, जिससे अन्य संभावित हादसों को रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




