Betul news: पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
3 लाख शिक्षकों को न्याय दिलाने की पहल

बैतूल। पुरानी पेंशन बहाली और नियुक्ति तिथि में संशोधन की मांग को लेकर मध्यप्रदेश पुरानी पेंशन बहाली महासंघ भोपाल के नेतृत्व में शिक्षकों ने विभिन्न तहसीलों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि 15 नवंबर 2024 को आमला, चिचोली और भीमपुर तहसीलो में शिक्षकों ने तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में नियुक्त शिक्षाकर्मी, संविदा शिक्षक और गुरुजी को अध्यापक बनाकर जुलाई 2018 में शिक्षा विभाग में संविलियन किया गया था। इसके बाद आईएफएमएस पोर्टल पर उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि हटाकर केवल जुलाई 2018 दर्ज कर दी गई। इसके कारण शिक्षकों को ग्रेच्युटी और अन्य आर्थिक लाभ नहीं मिल रहे हैं। सेवा निवृत्त और दिवंगत शिक्षकों के परिवार भी इन लाभों से वंचित हो गए हैं।
महासंघ ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर सरकार और उच्च अधिकारियों से कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन आज तक पोर्टल में सुधार नहीं हुआ। शिक्षकों ने मांग की कि उनकी वास्तविक नियुक्ति तिथि को आईएफएमएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए ताकि सेवा अवधि की सही गणना हो सके। इससे प्रदेश के लगभग 3 लाख शिक्षकों को आर्थिक और सामाजिक लाभ मिल सकेगा। महासंघ के जिला अध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार को शिक्षकों की इस एक सूत्रीय मांग पर गंभीरता दिखानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान नरेंद्र कुमार चिल्हाटे, विनोदी लाल सूर्यवंशी, अरुण कुमार सिमैया, तोष कुमार मालवीय, भूरू सुलयवंशी, अशोक खातरकर, हेमराज नागले, डी. आर. गवहाडे, राजू साहू, मिट्ठू लाल यादव, हंसराम, कलेश, अमरदास, श्रीमती सीमा यादव, तुलसी राम कानोड़िया, जीवनदान, गिरधारी लाल, अमरदास, सीमा यादव, तुलसी राम कानोड़िया, गोलमन उइके, मस्तराम यादव, श्रीमती अनीता, तुलसी राम यादव, मनोहर मालवीय, भामासिंग कुमरे, बद्री प्रसाद नंदा उपस्थित थे।





