बैतूल के स्विमर दुबई में होने वाली ओशनमैन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

बैतूल। बैतूल के युवा स्विमर एक बार फिर जिले का नाम रोशन करने जा रहे हैं। गोवा में आयोजित ओशनमैन इंटरनेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बैतूल के दो स्विमर गोवर्धन यादव और परिमल लेहेकर ने 10 किलोमीटर ओपन वॉटर रेस में विजय हासिल की। दोनों का चयन अब आगामी ओशनमैन इंटरनेशनल कंपटीशन के लिए हुआ है, जो जल्द ही दुबई में आयोजित किया जाएगा।
बैतूल जिला तैराकी विकास उत्थान समिति संघ के अध्यक्ष राजा साहू ने बताया कि वीर सावरकर तरण ताल, बैतूल से प्रशिक्षित इन दोनों खिलाड़ियों ने समुद्र में कठिन परिस्थितियों में तैरकर बेहतरीन प्रदर्शन किया और प्रदेश ही नहीं, देश का नाम भी गौरवान्वित किया है। विजेता स्विमरों का आज बैतूल नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वर्तमान विकास वार्ड पार्षद तथा जिला योजना समिति सदस्य आनंद प्रजापति ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाए दीं।




