धरती आबा बिरसा मुंडा को शहादत दिवस पर किया नमन

बैतूल। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी और जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करने वाले आदिवासी महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने उनके बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षत्रिय लोणारे कुनबी समाज के जिला अध्यक्ष दिनेश मस्की, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद नर्मदापुरम संभाग के अध्यक्ष योगेश धुर्वे, समाजसेवी उमेश उघड़े एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। समाज के वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी चेतना के प्रेरणा स्रोत भी हैं। उन्होंने अपने अल्प जीवन में जो कार्य किए, वे आज भी समाज को दिशा दिखा रहे हैं। इस मौके पर समाज के लोगों ने एक स्वर में यह भी कहा कि बिरसा मुंडा के सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।




