Betul news: ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदबू से त्रस्त क्षेत्रवासी करेंगे आंदोलन

लोगों की मांग: ट्रेंचिंग ग्राउंड हटाएं या तुरंत समाधान करें

बैतूल। शहर के गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठती बदबू ने क्षेत्रवासियों की जिंदगी दूभर कर दी है। नगरपालिका द्वारा कचरे के निष्पादन के ठोस प्रयास न करने के कारण यह समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। बुधवार को परेशान क्षेत्रवासी नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर के निवास पर पहुंचे और इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

गौठाना स्थित शांति नगर, शारदा नगर, अष्ट विनायक कॉलोनी, वैश्णवी नगर एवं किदवई वार्ड के लोग ट्रेंचिंग ग्राउंड से उत्पन्न बदबू और बीमारियों से जूझ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पहले यह क्षेत्र खाली था, इसलिए कोई समस्या नहीं थी। लेकिन अब यहां बड़ी संख्या में मकान बन गए हैं और आबादी बढ़ गई है। ऐसे में नगरपालिका द्वारा रोजाना 35 से 40 टन कचरा ट्रेंचिंग ग्राउंड में फेंका जा रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

बारिश के बाद बढ़ी समस्या

वर्तमान में बारिश के बाद तेज धूप निकलने से कचरे से उठने वाली बदबू और भी असहनीय हो गई है। हवां के संपर्क में आते ही कचरे की दुर्गंध सड़क तक आती है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ता है। बदबू के कारण बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।क्षेत्रवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड को हटाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे धरना आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। शांति नगर, शारदा नगर, अष्ट विनायक कॉलोनी, वैश्णवी नगर एवं किदवई वार्ड के निवासियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड को हटाना ही एकमात्र समाधान है। नगरपालिका की उदासीनता और लापरवाही के कारण उनकी जिंदगी दूभर हो गई है। क्षेत्रवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण में रह सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button