राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत कन्या क्रीड़ा परिसर हमलापुर में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित।

बैतूल 07 मार्च 2026
जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री अक्षत जैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे के निर्देशन में नवाचार अंतर्गत पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला पंचायत के माध्यम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग बैतूल के द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन कन्या क्रीड़ा परिसर हमलापुर में किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में श्री आदित्य बबला शुक्ला, श्री अतीत पंवार, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री नितेश राजपूत एवं पर्वत राव धोटे, क्रीड़ा अधिकारी शिक्षा विभाग श्री धर्मेन्द्र पवार, क्रीड़ा अधिकारी जनजातिय कार्य विभाग श्री विनय यादव उपस्थित थे।प्रतियोगिता में जिले के विकासखंडो से प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
अतिथियों ने उद्बोधन में खिलाड़ियों को नवीन ऊर्जा का संचार करने के लिए हौसला बढ़ाया एवं खेल को खेल की भावना से खेले जाने के लिए एवं अपना व जिले का नाम रोशन करने आदि पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने खेलों में सक्रिय भागीदारी व सहभागिता करने के लिए प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री राम नारायण शुक्ला एवं आभार जिला समन्वयक श्री उमेंद्र रहड़वे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जिला परियोजना प्रबंधक संदीप परिहार, जिला समन्वयक उमेंद्र रहड़वे, टीम कोच रवि विनय, गोविन्द विश्वकर्मा तथा खेल और युवा कल्याण विभाग से जिला प्रशिक्षक व युवा समन्वयक एवं समस्त स्टाफ के संयुक्त प्रयासों से यह प्रतियोगिता सफलता के साथ संपन्न कराई गई।
जिला खेल और युवा कल्याण विभाग अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील ने बताया कि प्रतियोगिता में शाहपुर एवं बैतूल टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें शाहपुर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 21 हजार की पुरस्कार राशि एवं शील्ड पर अपना आधिपत्य किया, वहीं बैतूल टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 11 हजार की राशि व शील्ड पुरस्कार स्वरूप प्राप्त किया, तीसरे स्थान पर चिचोली टीम को 5100 की राशि, शील्ड प्रदान की। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1100-1100 की राशि एवं मेडल क्रमशः घोड़ाडोंगरी, भीमपुर व प्रभात पट्टन ने प्राप्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अस्मिता एथलेटिक्स लीग 9 मार्च को
—
बैतूल 07 मार्च 2026
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत बैतूल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 9 मार्च को सुबह 7 बजे से मां शबरी शिक्षा परिसर मानस नगर बैतूल में अस्मिता एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना तथा उनमें खेल भावना को बढ़ावा देना है। जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा गवली ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, जिसमें अंडर 13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं।




