नाले पर अतिक्रमण से सड़क पर बह रहा पानी, तहसीलदार से हटाने की मांग

बैतूल। घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम पाढर बुजुर्ग निवासी 65 वर्षीय आवेदक हेमराज राठौर ने तहसीलदार को आवेदन देकर शासकीय नाले की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अनावेदक ने मौजा पाढर बुजुर्ग के शासकीय खसरा नंबर 30 स्थित नाले में पाइप डालकर और भूमि पर अतिक्रमण कर दुकान एवं मकान का निर्माण कर लिया है।

आवेदन के अनुसार नाले में पाइप डालने से पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे बरसाती पानी सड़क पर बहता है। इससे सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। हेमराज राठौर ने बताया कि विगत 9 जुलाई को नाती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय वे और उनका नाती सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर घायल हो गए।

आवेदक ने कहा कि यह शिकायत किसी व्यक्तिगत दुर्भावना से नहीं, जनहित और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने तहसीलदार से खसरा नंबर 30 स्थित शासकीय नाले से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी बहाल करने और भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button