demand for regularization: राम मंदिर में पहुंचकर नियमितीकरण के लिए मांगा आशीर्वाद

बैतूल। नगर पालिका परिषद बैतूल में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में कोठी बाजार स्थित राम मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने प्रभु श्री राम से दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करने के लिए आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर दैनिक वेतन भोगी एवं संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमित सक्सेना, सुशील रागड़े, प्रमोद कुमार ढेकले, राजाराम यादव, मधु चौकीकर, दीपक यादव, रामशंकर गाडगे, रोहित वंजारे, हंसराज पवार, राजेश छिपने, प्रकाश मालवी, फहीम शाह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
संघ के अध्यक्ष अमित सक्सेना ने बताया 500 साल के संघर्ष की यात्रा के बाद रामलला मंदिर में विराजे। ये हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारी पीढ़ी को इस सौभाग्य को देखने का मौका मिल रहा है। इसी के साथ ही श्री सक्सेना ने कहा कि जिस तरह 500 साल के संघर्ष के बाद प्रभु राम अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजे, इसी तरह दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी नियमितीकरण की उम्मीद है।
श्री सक्सेना ने बताया कि 10 वर्षों से अधिक एवं 15 से 16 वर्षों से अधिक समय से निरन्तर अनिर्वाय सेवा के रूप में जल प्रदाय, सफाई, लोक स्वास्थ्य, यांत्रीकी एवं अग्निशमन जैसी महत्वपूर्ण सेवा के कार्यों में अपनी सेवा नगरीय निकाय को प्रदान कर रहे है। कर्मचारियों को नियमित, विनियमित किये जाने का सिर्फ आश्वासन ही प्रशासन द्वारा दिया जा रहा। जबकि प्रशासन को अपर्याप्त मानदेय में परिवार के गुजर बसर की गंभीर संमस्या से अवगत कराया जा चुका है। विगत् 5 वर्ष गुजर जाने के बावजूद दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को उपेक्षित किया गया है जो कि गभीर असंतोष का विषय है।




