शिवाजी जयंती कुनबी समाज का बड़ा निर्णय: तय समय पर विवाह, खर्चों पर नियंत्रण, हर गांव में होंगे निर्देश लागू।

आठनेर में 37 गांवों के 4 हजार लोग जुटे, मृत्यु भोज सीमित करने का ऐतिहासिक फैसला । भवानी के जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा, मंच से सामाजिक कुरितियों पर सख्त संदेश । ब्लॉक कार्यकारिणी का हुआ शपथग्रहण, समाज को संगठित कर चहुंमुखी विकास का संकल्प।

 

आठनेर। क्षत्रिय लोणारी कुन्बी समाज संगठन ब्लॉक आठनेर ने वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई। कार्यक्रम का शुभारंभ शिवाजी चौक मठ-मंदिर से मुख्य अतिथि गणपतराव गावंडे एवं संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष पुनाजी कापसे सहित सामाजिक प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में किया गया। इसके बाद वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा बैंड बाजों और जय भवानी जय शिवाजी के जयघोष के साथ नगर में निकाली गई। रैली में 37 गांवों से लगभग 4 हजार से अधिक समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा का समापन मुलताई रोड स्थित कुनबी समाज मंगल भवन में हुआ, जहां शिवाजी महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

– ब्लॉक कार्यकारिणी का शपथग्रहण

आठनेर कुनबी समाज संगठन की नवीन ब्लॉक कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। अनिल महाले ने ब्लॉक अध्यक्ष पुनाजी कापसे एवं समस्त कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। उन्होंने निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा, समाज को संगठित रखने, चहुंमुखी विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग को एक मंच पर लाने का संकल्प दिलाया।

– ऐतिहासिक सामाजिक निर्णय

जयंती समारोह में हजारों की उपस्थिति में समाजहित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। संगठन के महामंत्री तरूण साकरे ने 37 गांवों से प्राप्त निर्णायक पत्र और बिंदु मंच से समाज के सामने रखे। इनमें विवाह में होने वाले फिजूल खर्च को कम करना, विवाह निर्धारित समय पर सम्पन्न कराना, मृत्यु भोज को सीमित करना ताकि निम्न वर्ग आर्थिक दबाव से बच सके, बच्चों को बेहतर संस्कार देना तथा सामाजिक कार्यक्रमों में अनावश्यक खर्च कम करने और कुरितियों पर विचार करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

– स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

पंचायत सदस्य श्रीमती अर्चना कृष्णा गायकी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए समाज की संस्कृति और रीति-रिवाजों को संजोकर रखने का संदेश दिया तथा बालिकाओं को बेहतर संस्कार देने की बात कही। गोवर्धन राने ने विवाह और अन्य सामाजिक कार्यों में फिजूल खर्च रोकने तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने पर बल दिया। डाक्टर ज्ञानदेव माथनकर ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

– हर गांव में लागू होंगे निर्देश

ब्लॉक अध्यक्ष पुनाजी कापसे ने कार्यक्रम में उपस्थित हजारों समाजजनों का अभिवादन करते हुए सभी को साथ लेकर चलने का भरोसा दिलाया। उन्होंने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आठनेर ब्लॉक के प्रत्येक गांव में विवाह में फिजूल खर्च रोकने, विवाह निर्धारित समय पर सम्पन्न कराने, मृत्यु भोज को सीमित और समयबद्ध रखने तथा सामाजिक कार्यक्रमों में खर्च कम करने के निर्देश देने की घोषणा की। मंच संचालन राजकुमार खांडवें, गजानंद ठाकरे और प्रतिभा कापसे ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ, जिसमें लगभग 4 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button