Construction remained incomplete for 8 years: लापरवाही से खंडहर में तब्दील हो रहा सामुदायिक भवन
युवा कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह इवने ने जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। आदिवासियों के आस्था का केंद्र प्रसिद्ध चंडी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शासन द्वारा स्वीकृत सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पिछले आठ वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। इस अधूरे निर्माण कार्य के कारण श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जबकि भवन के लिए 10 से 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
ग्राम पंचायत गोधना और जनपद पंचायत चिचोली की लापरवाही के चलते सामुदायिक भवन अब खंडहर में बदलने लगा है। इस समस्या को हल करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह इवने ने जिला पंचायत बैतूल के सीईओ अक्षत जैन से मुलाकात की। सीईओ जैन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत चिचोली के सीईओ को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।
— श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है भवन–
चंडी माता मंदिर में हर रविवार और बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं, जिनमें आदिवासी समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोग भी शामिल होते हैं। यहां मन्नत पूरी होने पर मुर्गा-बकरा की बलि देने की परंपरा है। भवन के अधूरे निर्माण के चलते श्रद्धालुओं को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।
— पुरानी शिकायतें पर प्रशासनिक अनदेखी–
भवन के अधूरे कार्य को लेकर पूर्व में भी जिला पंचायत सीईओ मिश्रा को आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में सामुदायिक भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे उसकी हालत और खराब होती जा रही है। लगातार शिकायतों के बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
— प्रशासन से समाधान की मांग–
युवा कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह इवने ने जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर अधूरे सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस मुद्दे पर तत्काल कार्यवाही नहीं की गई तो श्रद्धालुओं की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पूरा कराएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण मिल सके।




