राहुल गांधी पर कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने जिलेभर में बड़े विरोध प्रदर्शन के दिए निर्देश
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगों पर होगा कांग्रेस का आंदोलन

बैतूल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल ने जिलेभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, संगठनों और विभागों को तत्काल जिला स्तर पर व्यापक प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
निलय विनोद डागा ने कहा कि नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अलोकतांत्रिक और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। उनका आरोप है कि देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे छात्रों को दबाने का प्रयास किया गया, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से परीक्षाओं में हुई कथित भारी अनियमितताओं और संस्थागत विफलताओं की जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग करेगी। साथ ही परीक्षा प्रणाली की खामियों, जिनसे देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, उस पर संसद में तत्काल विस्तृत चर्चा कराने तथा दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी आपराधिक प्रकरण वापस लेने की भी मांग उठाई जाएगी।
निलय विनोद डागा ने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, अभिभावकों और नागरिक समाज के लोगों से विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के जरिए लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की हर कोशिश का ईंट से ईंट बजाकर जवाब दिया जाएगा।




