clay art: माटी कला के माहिर है मूर्तिकार सुनील प्रजापति, रामलला की मूर्ति को खूब मिल रही सराहना
आज रामनवमी पर नगर भ्रमण पर निकलेंगे रामलला

बैतूल। माटी कला में माहिर आर.सुनील प्रजापति की कला को बैतूल जिले में चारों तरफ सराहा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में सुनील प्रजापति ने अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजमान श्री रामलला की मूर्ति को हूबहू रूप दिया है। इसके चलते रामनवमी के दिन श्रद्धालुओं को भगवान श्री रामलला के दिव्य दर्शन का सुअवसर बैतूल में ही मिल रहा है। मूर्तिकार आर सुनील प्रजापति ने अपनी कला के माध्यम से भक्तों को रामलला के साक्षात्कार का अनुभव कराया। वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय में कार्यरत हैं, इसके साथ ही जिला जेल में भी माटी कला का प्रशिक्षण देते हैं। सुनील बाबा महाकाल के श्रृंगार के लिए भी जिले में प्रसिद्ध है। उनके इस समर्पण और कौशल की सराहना भक्तों द्वारा की जा रही है। श्रद्धालु उनकी कला को देखने के लिए उनके घर भी पहुंच रहे हैं। सुनील प्रजापति ने अपनी उत्कृष्ट कला के लिए कई पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं। उनके परिवार का भी माटी कला से वर्षों पुराना नाता है।




