ड्रॉइंग, क्राफ्ट और ओपन माइक में बच्चों ने दिखाया हुनर।

श्री विनायकम स्कूल के निशुल्क समर कैंप के दूसरे दिन रचनात्मक गतिविधियों की रही धूम।

बैतूल। जिले में विगत 24 वर्षों से संचालित श्री विनायकम स्कूल के निशुल्क समर कैंप के दूसरे दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन परिचय के बाद दूसरे दिन गतिविधियों में तेजी आई और पूरे परिसर में ऊर्जा का माहौल बना रहा। दिन की शुरुआत योग और हल्के व्यायाम से हुई, जिससे बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इसके बाद ड्रॉइंग, क्राफ्ट, डांस और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने रंग-बिरंगी कलाकृतियों के जरिए अपनी रचनात्मकता दिखाई। तीरंदाजी और राइफल शूटिंग जैसी गतिविधियों ने बच्चों में एकाग्रता बढ़ाने का काम किया, वहीं क्रिकेट, रग्बी, सॉफ्ट बॉल और खो-खो जैसे खेलों से शारीरिक विकास और टीम भावना को मजबूती मिली।

फायरलेस कुकिंग के माध्यम से बच्चों को आत्मनिर्भरता और स्वच्छता का महत्व सिखाया गया। ओपन माइक गतिविधि ने बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी छुपी प्रतिभा को सामने लाने में मदद की।

विद्यालय के डायरेक्टर संजय राठौर ने कहा कि इस कैंप के जरिए बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक जीवन के लिए तैयार किया जा रहा है। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए उपयोगी बताया। आने वाले दिनों में और भी रोचक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button