गुरु समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : लतेश पवार
गुरु पूर्णिमा पर कन्या महाविद्यालय में हुआ गरिमामय कार्यक्रम, गुरु-शिष्य परंपरा और संस्कारों के महत्व पर वक्ताओं ने रखे विचार

बैतूल। शासकीय कन्या महाविद्यालय, बैतूल में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति अध्यक्ष लतेश पवार रहे। विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य उषा द्विवेदी एवं डॉ. विद्या चौधरी रहीं। प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता ने गुरु पूर्णिमा के महत्व और भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि लतेश पवार ने कहा कि गुरु समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता रखते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। उषा द्विवेदी ने कहा कि गुरु शिक्षा के साथ जीवन के हर क्षेत्र में सही दिशा और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अनुशासन, संस्कार और निरंतर अध्ययन को जीवन का आधार बनाने की बात कही। डॉ. विद्या चौधरी ने कहा कि गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. साधना डेहरिया ने कहा कि गुरु पाठ्य ज्ञान के साथ जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सरिता साहू ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।




