भैंसदेही के ग्राम ढोकना रैयत में वन्यजीव का हमला, भैंस का बच्चा बना शिकार

बैतूल। वन परिक्षेत्र भैंसदेही सामान्य तहसील भैंसदेही अंतर्गत ग्राम ढोकना रैयत पोस्ट माजरवानी में जंगली जानवर के हमले से पशु हानि का मामला सामने आया है। ग्राम ढोकना रैयत निवासी संदीप चिल्हाटे पिता भूता चिल्हाटे ने वन विभाग से शिकायत कर बताया कि 7 फरवरी की रात्रि को उनके घर के पास बंधे भैंस के तीन साल के बच्चे पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में भैंस का बच्चा शिकार हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
संदीप चिल्हाटे ने वन परिक्षेत्र भैंसदेही के अधिकारियों को आवेदन देकर घटना की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।




