Crime News : खनिज अमले को धमकाकर चाबी छीनने वाले जुनैद पर मामला दर्ज
अवैध रूप से रेत का परिवहन करते डंपर पकड़ने पर दिखाई थी दादागिरी

Betul News : बैतूल। अवैध रुप से रेत का परिवहन करते हुए खनिज विभाग के द्वारा जब डंपर पकड़ा गया तो रेत के सप्लायर एजेंट सैयद जुनैद ने अमले को दादागिरी बताते हुए धमकाया ही नहीं बल्कि डंपर की चाबी भी छीनने का दुस्साहस कर डाला। इससे सैनिक के हाथ में चोट भी आ गई। इस घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने सैयद जुनैद के खिलाफ धारा 341,353, 332 का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना को लेकर खनिज अमले में बेहद रोष व्याप्त है।
खनिज निरीक्षक वीरेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि आठ सितंबर को सुबह करीब 11.30 बजे फारेस्ट नाका चक्कर रोड बैतूल के पास रेत से भरे डंपर क्रमांक एमपी 04 जेडके 7812 को राेका। चालक के पास मौजूद रायल्टी मांगी गई जो हरदा जिले की थी और हरदा से मुलताई के िलिए 20 घन मीटर रेत की थी। डंपर में रेत की मात्रा करीब 30 घन मीटर पाई गई। इस पर रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर डंपर को जब्त कर लिया गया और खनिज विभाग की टीम के साथ मौजूद सैनिक क्र. 239 पवन भास्कर एवं सैनिक क्र. 56 विनय रघुवंशी को डंपर में बिठाकर थाना कोतवाली बैतूल के लिए रवाना किया।
फांसी खदान रोड पर न्यू बैतूल रोड लाईस ट्रान्सपोर्ट गोडाउन के समीप डंपर के पहुंचने पर कार क्रमांक एमपी 48 सी 5224 के चालक ने डंफर के आगे अपनी कार लगा दी और डंपर को रुकवा दिया। कार से उतरकर डंपर का गेट खोलकर डंपर की चाबी छीनने का प्रयास करने लगा। दोनों सैनिकों ने उसे रोका तो छीना-झपटी करने लगा जिससे सैनिक पवन भास्कर को दाहिने हाथ के अंगूठे में खरोच आई। खनिज निरीक्षक ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जब दादागिरी बताने वाले से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम सैयद जुनैद बताया जो रेत सप्लायर एजेंट है।
खनिज निरीक्षक ने उसे समझाया लेकिन जुनैद नही माना। इसकी सूचना तत्काल ही पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जुनैद अपनी कार लेकर वहां से भाग गया। जुनैद द्वारा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाकर सैनिक क्रमांक 239 पवन भास्कर को चोट पहुंचाई। इस मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। पुलिस ने आरोपी सैयद जुनैद के खिलाफ धारा 341,353, 332 भादवि का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।




