Blind Murder : बहन ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर सौतेले भाई से की दोस्ती, मिलने बुलाया और प्रेमी एवं पिता के साथ मिलकर चाकू से काटा गला
घोड़ाडोंगरी से अगवा करने के बाद चाकू से गला रेता और हाथ-पैर बांधकर नर्मदा नदी में फेंका

Crime News Betul : संपत्ति के लिए सौतेली बहन ने भाई और सगे पिता को अपने बेटे का गला रेतने में रत्ती भर भी हिचक नहीं हुई। बहन ने पहले तो फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर सौतेले भाई से दोस्ती की। किसी दूसरे के नाम पर ली गई मोबाइल सिम का उपयोग कर ट्रू कालर पर अपना नाम श्रुति सेव कर लिया और सौतेले भाई को मिलने बुलाया। भाई आया तो अपने प्रेमी और पिता के साथ मिलकर उसे जबरन मारपीट कर कार में खींचकर बिठाया और चाकू से गला रेतकर हाथ पैर बांधे और नर्मदापुरम जिले में नर्मदा नदी में फेंक डाला। पुलिस ने अपहरण और कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्या करने वाले पिता को गिरफ्तार कर लिया है जबकि सौतेली बहन और उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है।
सारनी पुलिस द्वारा जारी किए गए प्रेस नोट में बताया गया है कि घोडाडोंगरी में स्टेशन रोड सेन्ट्रल चौक में छह फरवरी की रात्रि में काले रंग की कार में आए दो अज्ञात व्यक्ति ने एक लडके के साथ लठ से मारपीट कर जबरदस्ती कार मे बैठाकर अपने साथ ले गये । टना आसपास के लोगो ने देखी एवं रोकने का प्रयास किया किन्तु ये लोग कार को तेजी से भगाकर ले गये। जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी घोडाडोंगरी नरेन्द्र उईके एंव चौकी स्टाफ मौके पर पहुंचे।
छानबीन की तो पाया गया कि दीपक बामने निवासी बेहडीढाना घोडाडोंगरी का अपने घर से रात्रि में निकला था जो घर वापस नही आया। घटना स्थल पर जो स्मार्ट वाच टूटी पडी मिली थी वह दीपक बामने की थी। ज्ञात हुआ कि जिस व्यक्ति के साथ मारपीट कर कार में बैठाकर ले गये है वह दीपक बामने है । थाना सारणी में धारा 365 भादवि का पंजीबद्ध किया गया ।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी द्वारा आईपीएस नरेन्द्र रावत के नेतृत्व मे थाना प्रभारी सारणी अरविन्द कुमरे, थाना प्रभारी गंज देवकरण डेहरिया, थाना प्रभारी चोपना छत्रपाल धुर्वे , थाना प्रभारी रानीपुर अवधेश तिवारी एंव चौकी प्रभारी घोडाडोंगरी नरेन्द्र उईके,साईबर सेल बैतूल की टीम गठित की गई। टीम के द्वारा लगातार मेहनत कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किये गये ।जिनके आधार पर पाया गया कि दीपक बामने अपनी दादी के साथ बेहडीढाना घोडाडोंगरी मे रहता था।
बेहडीढाना मे पैतृक मकान है जिस मकान के लिए दीपक के पिता अनिल बामने एवं उसकी दूसरी पत्नी की बेटी आरती का दीपक की दादी सरस्वती एवं दीपक से करीबन दो वर्ष से विवाद चल रहा था।कुछ दिन पहले दीपक की दादी ने उस मकान को दीपक के नाम कर दिया था। जिसके चलते दीपक के पिता अनिल वामने व बहन आरती ने मिलकर दीपक की हत्या करने की योजना बनाई।
ऐसे रची हत्या की साजिश
आरोपी आरती वामने ने अपने परिचित का मोबाईल सिम लेकर ट्र कालर में श्रुति मेहरा सेव कर लिया एवं श्रुति मेहरा के नाम से फेसबुक आईडी बनाकर दीपक बामने से बात करने लगी। घटना दिनांक को रेल्वे स्टेशन तरफ मिलने के लिये बुलाया । सेन्ट्रल चौक घोडाडोंगरी मे अपने पिता अनिल बामने और मित्र नवनीत सराठे के साथ काले रंग की कार से आकर अनिल बामने और नवनीत द्वारा डंडे से मारपीट कर दीपक बामने को जबरदस्ती कार मे बैठाकर ले गये ।रास्ते मे हाथ, मुंह बांधकर गले एवं चेहरे पर चाकू से वार कर हत्या कर नर्मदा नदी नर्मदापुरम में ब्रिज से नीचे फेंक दिया।
आरोपी अनिल वामने पिता रामगोपाल वामने निवासी क्लब कालोनी शोभापुर को भोपाल में दबिश देकर पकडा गया। उसकी निशादेही पर मृतक दीपक पिता अनिल वामने उम्र 28 साल निवासी बेहडीढाना घोडाडोंगरी का शव दस्तयाब किया गया। आरोपी को न्यायालय पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। अन्य आरोपी आरती पिता अनिल वामने निवासी क्लब कालोनी शोभापुर हाल अरेरा कालोनी भोपाल एवं नवनीत सराठे निवासी देवरी रायसेन हाल अरेरा कालोनी भोपाल की तलाश जगह जगह दबिश देकर की जा रही है ।




