किसानों के साथ छल कर रही भाजपा: अयाज खान

किसानों की बदहाल स्थिति पर मुखर हुई स्वतंत्र किसान पार्टी

बैतूल। स्वतंत्र किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अयाज खान ने किसानों की बदहाल स्थिति पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश का किसान कर्ज में डूबता जा रहा है, लेकिन उसकी परेशानियों को समझने वाला कोई नहीं है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। कुछ किसानों का कर्ज माफ हुआ भी, लेकिन 17 महीने बाद सरकार के गिरने के कारण शेष किसानों का कर्ज आज तक माफ नहीं हो पाया। भाजपा का दायित्व था कि बचे हुए किसानों का कर्ज माफ किया जाए लेकिन भाजपा ने षडयंत्र पूर्वक कांग्रेस की सरकार गिरा दी। इसका नुकसान किसानों को हुआ।

अयाज खान ने कहा कि भाजपा किसानों के साथ छल कर रही हैं। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान कर्ज के नीचे दबा हुआ है। सरकार किसान हितैषी होने का ढोंग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की फसलों को औने-पौने दाम में खरीद रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। अयाज खान ने कहा कि प्रदेश के किसानों को कर्जमाफी के नाम पर केवल झूठे आश्वासन दिए गए। बैंक लगातार किसानों को डिफॉल्टर घोषित कर रहे हैं, और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र किसान पार्टी ने हमेशा किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है और आगे भी उठाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को मजबूर है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। अयाज खान ने सरकार से तुरंत कदम उठाने और सभी किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों के हितों को नजरअंदाज किया, तो स्वतंत्र किसान पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। किसानों की समस्याओं को लेकर अयाज खान ने कहा कि सरकार को किसान हितैषी नीतियों पर काम करना चाहिए, ताकि किसान कर्जमुक्त होकर अपनी फसलों का उत्पादन कर सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button