Heavy rain: सतपुड़ा डैम का एक गेट खोला,बैतूल-खंडवा मार्ग छह घंटे बंद रहा

Heavy rain: बैतूल। मध्यप्रदेश में मानसून के मेहरबान होने के कारण बैतूल जिले में भी कहीं कम तो कहीं पर तेज बारिश हो रही है। इससे नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बन रही है। गुरुवार सुबह से भीमपुर विकासखंड में तेज बारिश प्रारंभ हाे गई थी। करीब पांच घंटे तक बारिश जारी रहने से बैतूल-खंडवा मार्ग पर गाड़ाघाट नदी में बाढ़ आ गई।
इससे छह घंटे से अधिक समय तक आवागमन बंद रहा। इधर सारनी क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण सतपुड़ा जलाशय में पानी बढ़ गया है। इसे सुरक्षित स्तर पर बनाए रखने के लिए एक गेट खोलना पड़ गया था। बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बोरकुंड के धामदेही में गाड़ाघाट नदी पर बनाए गए कम ऊंचाई के रपटे पर पानी आ गया था।
इससे बैतूल से बुरहानपुर,खंडवा, महाराष्ट्र के धारनी, जलगांव, परतवाड़ा की ओर जाने वाले वाहन करीब छह घंटे तक खड़े रहे। सतपुड़ा जलाशय में पानी बढ़ने पर बुधवार शाम 5.30 बजे एक गेट एक फीट की ऊंचाई से खोल दिया गया था। गुरुवार को सुबह छह बजे इसे बंद किया गया। सतपुड़ा जलाशय क्षेत्र में इस सीजन में गुरुवार तक 582 मिमी बारिश दर्ज की गई है।




