Launch of Warrior Library: विधायक हेमंत खंडेलवाल ने योद्धा लाइब्रेरी का किया शुभारंभ
शिक्षा और ज्ञान के सेतु के रूप में शुरू हुई योद्धा लाइब्रेरी

बैतूल। पुस्तकालय एक ऐसा स्थान है जहां ज्ञान और शिक्षा के संसाधनों का उपयोग कर अपने कौशल को बढ़ाया जा सकता है। यहां विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सही दिशा मिलती है। यह बात विधायक हेमंत खंडेलवाल ने 15 जनवरी को केसर बाग के सामने सिविल लाइन में योद्धा लाइब्रेरी का शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय ज्ञान और शिक्षा का सेतु साबित होगा। उन्होंने इसे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो उनके विकास और प्रगति में सहायक होगा।
योद्धा लाइब्रेरी के संस्थापक रोशन कनाठे और अनिकेत सोनी ने बताया कि इस पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार की पुस्तकें, पत्रिकाएं और ऑनलाइन संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। यह छात्रों और शिक्षकों को उनके ज्ञान और कौशल को बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य छात्रों को बेहतर शैक्षिक माहौल प्रदान करना है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
इस कार्यक्रम में नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतीत पवार, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नर्मदापुरम विभाग संयोजक देवेंद्र धुर्वे और अभाविप बैतूल नगर के सभी छात्र मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्रों और शिक्षकों ने लाइब्रेरी का भ्रमण कर वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली और इसके महत्व को समझा।




