मध्यप्रदेश में परिवहन टैक्स को लेकर बड़ा आरोप

वाहन विक्रेता संघ ने प्रदेश में अवैध वसूली का लगाया आरोप

भोपाल। वाहन खरीदी बिक्री विक्रेता संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस सेवा दल के बैतूल ब्लॉक अध्यक्ष गोलू सोनी ने प्रदेश के परिवहन विभाग पर देश में सबसे अधिक टैक्स वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। जारी विज्ञप्ति में गोलू सोनी ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले वाहन फिटनेस टैक्स मात्र 2500 रुपये लिया जाता था, लेकिन वर्तमान में फिटनेस पेनाल्टी के नाम पर 50 रुपये प्रतिदिन की दर से राशि वसूली जा रही है, जिससे वाहन मालिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने बताया कि पहले टू-व्हीलर वाहन ट्रांसफर कराने में 1500 रुपये खर्च होते थे, लेकिन अब इसके लिए 3 से 5 हजार रुपये तक की राशि तय कर दी गई है। इसी तरह चार पहिया वाहनों के ट्रांसफर पर पहले 3 हजार रुपये लगते थे, जबकि अब 10 हजार से लेकर 40 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। गोलू सोनी ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा देश में सर्वाधिक टैक्स वसूलकर वाहन चालकों को गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से मांग की है कि आम जनता को राहत देने के लिए शीघ्र ही वाहन टैक्स की दरों में कमी की जाए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान, प्रदेश अध्यक्ष हारून खत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष अयाज खान एवं प्रदेश सचिव निहाल खान ने भी इसका समर्थन किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button