Fake Candidate : रितिक की जगह बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा दे रहा था चेतन, पुलिस ने पकड़ा

Fake Candidate : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मध्य प्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही परीक्षा में एक मुन्नाभाई पकड़ा गया है। कालेज प्रबंधन ने दस्तावेजों का परीक्षण किया तो पाया गया कि परीक्षार्थी के स्थान पर कोई दूसरा ही व्यक्ति परीक्षा दे रहा है। सूचना पर पुलिस कालेज पहुंची और मुन्नाभाई को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुलताई नगर में 100 डायल पर सूचना प्राप्त हुई थी कि शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई के परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1603 में मध्य प्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय की प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः नौ से 12 बजे के दौरान संचालित की जा रही है। जिसमें 23 जुलाई को बी.ए. तृतीय वर्ष आधार पाठ्यक्रम, तृतीय “पेपर-बेसिक ऑफ कम्प्यूटर एण्ड इनफारमेशन टेक्नॉलोजी” के पेपर था।
इसमें परीक्षार्थी रितिक ठाकुर पिता दिलिप ठाकुर के स्थान पर अन्य व्यक्ति चेतन पिता बबन अमरूते उम्र 22 साल निवासी स्कूल चौक मासोद परीक्षा दे रहा है। परीक्षा कक्ष में जांच के दौरान वीक्षकों ने पाया कि कोई दूसरा ही परीक्षा दे रहा है। सूचना पर मुलताई पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पकड़े गए व्यक्ति को थाना लाकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराया गया । पकड़े गए व्यक्ति के विरूद्ध प्रकरण क़ायम कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।




