वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता के वेस्टर्न रीजनल मुकाबले में बैतूल जिले के दो युवाओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन:

 

बैतूल| 19 फरवरी 2026

 

अहमदाबाद में 14 से 18 फरवरी तक आयोजित वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता के वेस्टर्न रीजनल मुकाबले में बैतूल जिले के दो युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था प्राचार्य अजीश पंद्रे ने बताया कि कु. पूर्वी चौहान, जो वर्तमान में इंदौर में एनीमेशन पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रही हैं, ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल के फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड के छात्र आयुष इवने ने सिल्वर मेडल हासिल किया। गोल्ड मेडल विजेता को 75 हजार रुपए और सिल्वर मेडल विजेता को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वेस्टर्न रीजन में गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं दमन दीव के प्रतिभागी शामिल हुए।

 

संस्था प्राचार्य श्री पंद्रे ने बताया कि वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता विश्व स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित कौशल स्पर्धा है। इसे वर्ल्ड स्किल इंटरनेशनल द्वारा आयोजित किया जाता है। इसे “स्किल का ओलंपिक” भी कहा जाता है, इसका उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देना है। जिला स्किल समन्वयक श्री सोनू लिल्होरे ने बताया कि फ्लोरिस्ट्री स्किल में प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा में थीम आधारित पुष्प सज्जा, वेडिंग बुके निर्माण, सजावटी इंस्टॉलेशन, रचनात्मक डिजाइन तथा तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करना होता है। विशेष गौरव की बात यह है कि दोनों प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाने का अवसर प्राप्त हुआ है राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े ने बताया कि यह सफलता बैतूल जिले के युवाओं के लिए एक संदेश है कि समर्पण परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से वैश्विक मंच तक पहुंचना संभव है यह उपलब्धि जिले और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है तथा कौशल आधारित शिक्षा की महत्व को दर्शाती है।

 

प्रतिभागियों को संस्था प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे, नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े, जिला स्किल समन्वयक श्री सोनू लिल्होरे, वरिष्ठ प्रशिक्षक अधिकारी श्री दिलीप कुमार सोनी, श्री रेवाशंकर पंडाग्रे, श्रीमती पुष्पा नागले, श्रीमती विनीता पाटिल, फ्लोरीकल्चर ट्रेड के प्रशिक्षक श्री दिलीप बेल एवं सोनू मराठा सहित समस्त स्टाफ ने बधाई दी है।

 

एमपीटास पोर्टल पर प्रतिभा योजना के आवेदन 20 फरवरी से पुनः शुरू

बैतूल 19 फरवरी 2026

  प्रतिभा योजना के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एमपीटास पोर्टल पर आनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 20 फरवरी से पुनः प्रारंभ की जाएगी। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग बैतूल ने बताया कि एकेडमिक वर्ष 2023-24 एवं वर्ष 2024-25 के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने उक्त वर्ष में निर्धारित पाठ्यक्रम में शासकीय संस्थाओं में प्रवेश लिया, किन्तु प्रतिभा योजना अंतर्गत आवेदन करने से वंचित रह गए एवं वर्ष 2025-26 में अनु.जनजाति वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम में शासकीय संस्थाओं में प्रवेश लिया है, के लिए प्रतिभा योजना अंतर्गत एकाडमिक वर्ष 2023-24 वर्ष 2024-25 एवं वर्ष 2025-26 के लिए एमपीटास पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए पोर्टल पुनः ओपन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आनलाईन आवेदन करने की प्रारंभिक तिथि 20 फरवरी एवं आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की है।

 

 

 

10वीं के 15821 विद्यार्थियों ने 127 केंद्रों पर दी परीक्षा

 

बैतूल 19 फरवरी 2026

 

माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा-2026 के तहत गुरुवार को जिले में कक्षा 10वीं का संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिनमें कुल 16260 परीक्षार्थी दर्ज थे। इनमें से 15821 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 439 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने 32 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा में 2 नकल प्रकरण बने। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button