Betul news: विवेकानन्द विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदकों से बढ़ाया जिले का मान
राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लहराया परचम

बैतूल। राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह में विवेकानन्द विज्ञान महाविद्यालय, बैतूल के विद्यार्थियों ने प्रवीण्य सूची में स्थान पाते हुए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल, म.प्र. उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, छिंदवाड़ा लोकसभा सांसद विवेक बंटी साहू, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लीला भलावी और रजिस्ट्रार डॉ. युवराज पाटिल की उपस्थिति में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने छात्र-छात्राओं को उपाधि के साथ स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में मुख्य रूप से रानी राठौर एम.एस.सी. प्राणीशास्त्र, करुणा गायकवाड़ एम.एस.सी. वनस्पति विज्ञान, नीदा परवीन एम.एस.सी. होम साइंस, साक्षी जगताप एम.एस.सी. होम साइंस, दामिनी घोरसे एम.एस.सी. कंप्यूटर साइंस, नीलिमा पाल बी.सी.ए., और आयशा सानिया बी.एस.सी. होम साइंस ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर जिले और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया। विवेकानन्द महाविद्यालय के विद्यार्थियों की इस असाधारण उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्य, सभी प्राध्यापकगण और विद्यार्थियों के ईष्ट मित्रों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रोफेसर एस.आर. गायकवाड़ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता ने महाविद्यालय का गौरव और बढ़ाया है, जिससे बैतूल जिले के शिक्षा क्षेत्र में भी एक नई मिसाल कायम हुई है। राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा के प्रथम दीक्षांत समारोह में, यह स्वर्णिम सफलता विवेकानन्द विज्ञान महाविद्यालय के लिए बेहद गर्व का क्षण है और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण भी हैं।




