Betul News Today: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को खंडित करने वाला गिरफ्तार
Arrested for vandalizing the statue of Lord Birsa Munda

Lord -Birsa- Munda -Betul- News: बैतूल। सोनाघाटी क्षेत्र में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को खंडित करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से लोगाें में बेहद आक्रोश व्याप्त हो गया था। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोनाघाटी में होमगार्ड ग्राऊंड के समीप फारेस्ट क्षेत्र में स्थित आदिवासी समुदाय के भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पाया गया कि सोनाघाटी मेन रोड से करीब 500 मीटर अंदर वन विभाग कैंपस के हरियाली खुशहाली स्थान पर चट्टान के ऊपर स्थापित आराध्य बिरसा मुंडा की सीमेंट की बनी प्रतिमा जो करीब 5-6 साल पहले स्थापित की गई थी, उसे किसी व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ कर खंडित कर दी गई थी।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुये वरिष्ठ अधिकारीयो के निर्देशानुसार प्रतिमा में तोडफोड़ कर प्रतिमा को खंडित करने वाले आरोपी की पहचान स्थानीय निवासियों व साक्षियों की सहायता से की गई। घटना कारित करने वाले आरोपी रूपेश नागले पिता नंदकिशोर नागले उम्र 25 साल निवासी सोनाघाटी को पकड़ा गया। प्रतिमा की देखरेख व पूजा पाठ करने वाले श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए सामूहिक आवेदन पत्र के आधार पर सुनील पंद्राम पिता झबर सिंह पंद्राम उम्र 42 साल निवासी सोनाघाटी के आवेदन पत्र पेश करने पर आरोपी रूपेश नागले के विरूद्ध धारा 295, 153 ए भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना स्थल पर पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों समेत जनप्रतिनिधियों के द्वारा मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली गई। प्रतिमा की आराधना व देखरेख करने वाले श्रद्धालुओं की सर्वसम्मति से खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगाने तथा प्रतिमा के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त उपाय किए जाने व प्रतिमा की देखरेख किए जाने का निर्णय लिया गया है।



