Betul news: जरूरतमंदों की सेवा में जुटी राष्ट्रीय हिंदू सेना, गंज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक बांटे कंबल
बैतूल। बीती रात कड़ाके की ठंड में जब बेसहारा और जरूरतमंद लोग ठिठुर रहे थे, तब राष्ट्रीय हिंदू सेना ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों के बीच गर्म कंबल वितरित किए। यह पहल गंज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कोठी बाजार बस स्टैंड, गंज क्षेत्र के मंदिरों और रैन बसेरों में की गई। करीब 50 जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे गए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई। यह प्रयास मानवीय संवेदनाओं और समाजसेवा की उत्कृष्ट मिसाल बन गया।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया ईश्वर उन्हीं का भला करते हैं जो दूसरों का भला करते हैं इसी भावना के साथ नगर में कंबल वितरण अभियान का आयोजन किया गया। ठंड से परेशान जरूरतमंदों को राहत देने के लिए यह पहल शुरू की। अभियान के दौरान लोगों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी।
— जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म–
नगर अध्यक्ष शनि साहू ने बताया कि राष्ट्रीय हिंदू सेना हर साल ठंड के मौसम में गरीबों और असहायों की मदद के लिए कंबल वितरण अभियान चलाती है। उन्होंने कहा, इस पहल का उद्देश्य ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाना है। हमारा संगठन आगे भी इस मुहिम को जारी रखेगा और जरूरतमंदों की सहायता करता रहेगा।
जिला अध्यक्ष अनुज राठौर ने बताया कि संगठन के सदस्यों ने रात्रि करीब 11 बजे से अभियान शुरू किया। गंज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, और अन्य स्थानों पर गर्म कंबल बांटे गए। उन्होंने कहा, “जिन लोगों को कंबल दिए गए, उनकी आंखों में खुशी और राहत साफ नजर आ रही थी। यह हमारे प्रयास की सबसे बड़ी सफलता है।”
— दीन दुखियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य–
विभाग सह संयोजक नितेश मस्हकी ने कहा, गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है। इस नेक काम में हर व्यक्ति को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी सदस्यों और सहयोगियों को धन्यवाद भी दिया।
तहसील संयोजक रूपेश साहू ने बताया कि ठंड से ठिठुरते असहाय परिवारों को कंबल वितरण से बड़ी राहत मिली। उन्होंने इस नेक काम में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अभियान में प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, समाजसेवी गोलू उघड़े, प्रांत प्रवक्ता अखिलेश वाघमारे, प्रांत सह संगठन मंत्री शुभम इंगले, विभाग सह समन्वयक ललित दाभड़े, जिला सह प्रभारी अर्जुन चौहान, तहसील उपाध्यक्ष राहुल खवादे, तहसील गोरक्षा प्रमुख स्वप्निल छोटू पवार, जिला प्रचारक प्रमुख जितेंद्र प्रजापति, प्रखंड अध्यक्ष सौमेश सोनी, प्रिंस साहू, और योगेश दरवाई का विशेष योगदान रहा।
राष्ट्रीय हिंदू सेना ने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। संगठन ने यह भी कहा कि यह पहल समाज में मदद और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के लिए की गई है।
इस कंबल वितरण अभियान ने समाज में सेवा और दान की भावना को और प्रोत्साहन दिया है।