निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 500 से अधिक मरीजों का हुआ उपचार
एम.डी. लाईफ केयर क्लिनिक के तत्वावधान में शाहपुर ब्लॉक के ढोढरामऊ में लगाया शिविर

बैतूल। जिले के शाहपुर ब्लॉक स्थित ग्राम ढोढरामऊ के गवर्नमेंट हाईस्कूल में एम.डी. लाईफ केयर क्लिनिक के तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बैतूल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 500 से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया।
शिविर में उपस्थित डॉक्टरों में काकोड़िया हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रमेश काकोड़िया (एमबीबीएस, एमएस, जनरल सर्जन), चौहान हॉस्पिटल के संचालक डॉ. महेंद्र सिंह चौहान (एमबीबीएस, एमडी, डीए, डी. फार्मा, एलएलबी, फिजिशियन और कंसल्टेंट), डॉ. अरुणा चौहान (एमबीबीएस, एमडी, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, इनफर्टिलिटी विशेषज्ञ), डॉ. राजा धुर्वे (एमबीबीएस, पूर्व मेडिकल ऑफिसर सीएचसी मुलताई), आर.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. कृष्णा मौसीक (एमबीबीएस, एमएस, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रमोद भालसे (एमबीबीएस, मेडिकल ऑफिसर डाबरी), डॉ. महेश जावलकर (बीएएमएस, आयुष मेडिकल ऑफिसर शाहपुर), डॉ. राम सलाम (एमबीबीएस), डॉ. के.पी. धुर्वे (एमबीबीएस), डॉ. रिंकेश काकोड़िया (एमबीबीएस), डॉ. विवेक उइके (एमबीबीएस), डॉ. विशाल वरकड़े (एमबीबीएस), डॉ. निलेश सरयाम (एमबीबीएस) और डॉ. सुरजीत पंद्राम (एमबीबीएस) शामिल रहे।
शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर और हिमोग्लोबिन जैसी जरूरी स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। सभी मरीजों को निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इस दौरान, ज्यादातर मरीज जोड़ संबंधी समस्याएं, महिला रोग, मासिक धर्म की अनियमितता, सफेद पानी की समस्या, अधिक रक्त स्राव, पेशाब से जुड़ी शिकायतें, पेट दर्द, सर्जरी से जुड़ी समस्याएं, बुखार, सर्दी, खांसी, कब्ज, दस्त और उल्टी जैसी बीमारियों से पीड़ित थे।
डॉ. रमेश काकोड़िया ने कहा कि क्षेत्र जिला मुख्यालय से दूर होने के कारण लोग समय पर उपचार नहीं करा पाते, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ जाती है। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया गया, जो उनके लिए बेहद लाभदायक साबित हुआ।
शिविर के शुभारंभ पर एम.डी. लाईफ केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मुकेश धोटे ने कहा कि इस आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को देखते हुए वे यहां बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। डॉ. धोटे ने बल्लोर मोरन ढाना से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और बैतूल के उत्कृष्ट विद्यालय से जीव विज्ञान में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद मेडिटेक करियर इंस्टीट्यूट, बैतूल से नीट की तैयारी कर इंदौर के श्री अरविंदो मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। आज वे अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा कर रहे हैं और अपने परिवार, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।।इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सकों में मेडिटेक कैरियर इंस्टीट्यूट बैतूल के शैक्षणिक संचालक डॉ. ईश्वर धुर्वे ने भी सहयोग दिया। साथ ही, शिविर के दौरान मौसम जनित बीमारियों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां डॉ. मुकेश धोटे ने लोगों को मौसम बदलने के साथ बढ़ती बीमारियों के प्रति सावधान रहने की सलाह दी। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगियों को परामर्श के साथ मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को सही समय पर उपचार मिल सका।



