प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन ने 62 पेंशनर्स को दिए अभिनंदन प्रमाण पत्र।

30–40 वर्ष की सेवा के त्याग का किया सम्मान । धारा 49बी समाप्त करने और 1 जुलाई 2025 से डीए एरियर देने की मांग ।  केंद्र के समान 58 प्रतिशत डीए और कैशलेस चिकित्सा स्वीकृति पर शासन का आभार।

बैतूल। प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अभिनंदन प्रमाण पत्र वितरण समारोह 16 मार्च को मंगल भवन कार्यालय में लगभग 110 पेंशनरों की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे के मुख्य आतिथ्य में तथा कार्यकारी अध्यक्ष जगन्नाथ पाठेकर, जिला सचिव शिवचरण हजारे, तहसील अध्यक्ष बाबूलाल राठौर, जिला कार्यकारिणी सदस्य रघुनाथ झाकरे, व्ही.एन. पाल, सी.आर. पाटील, कैलाशचन्द्र मालवीय, माखनलाल जितपुरे, धनराज मोहने और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरिश्चन्द्र सराटकर की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से की गई। इसके बाद तहसील अध्यक्ष बाबूलाल राठौर ने मुख्य अतिथि का स्वागत एसोसिएशन पट्टिका, बैज, फूलमाला, शाल और श्रीफल भेंट कर किया।

अपने उद्बोधन में तहसील अध्यक्ष बाबूलाल राठौर ने कर्मचारियों की 30 से 40 वर्षों की सेवाकालीन निष्ठा और त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक अभिनंदन प्रमाण पत्र मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि मप्र शासन द्वारा पेंशनरों को केंद्र के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा स्वीकृत किए जाने पर शासन का आभार व्यक्त किया जाता है।

जिलाध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे ने अपने संबोधन में धारा 49बी समाप्त करने तथा महंगाई भत्ते का एरियर 1 जुलाई 2025 से देने की मांग उठाई। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन के आह्वान पर सभी सदस्य योद्धा की तरह तैयार रहें।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे, तहसील अध्यक्ष बाबूलाल राठौर और जिला कार्यकारी अध्यक्ष जगन्नाथ पाठेकर ने लगभग 62 पेंशनर्स को सेवानिवृत्ति के बाद अभिनंदन प्रमाण पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव शिवचरण हजारे ने किया, जबकि अंत में रमेश कावड़कर ने आभार व्यक्त किया। स्वल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button