Betul news: मेहरा समाज समिति ने संविधान निर्माता को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

सामाजिक बंधुओं ने मिलकर डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद किया

बैतूल। संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रेरणा स्रोत डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मेहरा समाज समिति बैतूल ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। 6 दिसंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में मेहरा समाज के विभिन्न पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं ने मिलकर डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में मेहरा समाज के जिला अध्यक्ष संतू सूर्यवंशी और युवा जिला अध्यक्ष चन्द्रभान बडौदे के नेतृत्व में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर मेहरा समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रदेश मेहरा समाज अनुशासन समिति के अध्यक्ष जीशी पुरुवे, प्रदेश शिक्षा समिति के अध्यक्ष गंगाराम घोडाले, जिला उपाध्यक्ष महेश बामने, संतोष वाघमारे, जिला संगठन मंत्री संदीप सूर्यवंशी, गंगा बिसोने, डॉ. सोनारे और शाहिद समेत समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

समाज के सदस्यों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए मोमबत्ती प्रज्वलित की और मौन धारण किया। जिला अध्यक्ष संतू सूर्यवंशी ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवन को दलितों, वंचितों और समाज के शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनका बनाया संविधान हर भारतीय को समान अधिकार और सम्मान की गारंटी देता है।

प्रदेश शिक्षा समिति के अध्यक्ष गंगाराम घोडाले ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के विचार और शिक्षाएं हमें आज भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि 6 दिसंबर 1956 को बाबा साहेब का महापरिनिर्वाण हुआ था। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए यह दिन महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है। समाज के सभी सदस्यों ने इस अवसर पर बाबा साहेब को कोटि-कोटि नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button