Betul news: छात्राओं को तीन माह तक दिया जाएगा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बैतूल। ई.एफ.ए. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल गंज में भारत सरकार के निर्देशानुसार रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने जानकारी दी कि प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे के मार्गदर्शन में तीन माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं को प्रदान किया जा रहा है।

प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मानसिक, शारीरिक, और बौद्धिक रूप से सशक्त बनाना है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम भी बनाता है।

प्रशिक्षण की विशेषताएं

विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका माधुरी पानकर ने बताया कि प्रशिक्षण की शुरुआत हल्के व्यायाम से की जा रही है, जिसके बाद आत्मरक्षा कौशल विकसित करने की विभिन्न तकनीकों को सिखाया जाएगा। छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे शारीरिक रूप से मजबूत रहें।

प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, बैतूल से ब्लैक बेल्ट धारक प्रशिक्षक सरिता शेषकर का चयन एसएमडीसी समिति द्वारा किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को रोजमर्रा की वस्तुएं जैसे चैन, दुपट्टा, स्टोल, मफलर, बैग, पेन-पेंसिल और नोटबुक इत्यादि को आत्मरक्षा के लिए उपयोग करना सिखाया जाएगा।

यह तीन माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम अक्टूबर माह से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलेगा। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान समस्त गतिविधियों का संपूर्ण डॉक्यूमेंटेशन भी तैयार किया जा रहा है, ताकि इस कार्यक्रम का भविष्य में भी लाभ लिया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button