Betul news: समय पर उपस्थित न होने पर कलेक्टर की सख्ती, 103 अधिकारी, कर्मचारियों का वेतन काटने का आदेश

बैतूल। संयुक्त कलेक्ट्रेट में 29 जून को सुबह 10 बजे कलेक्टर सूर्यवंशी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान 103 अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। इस पर नाराज कलेक्टर ने एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर सूर्यवंशी ने 28 जून को सुबह 7.30 बजे सभी विभाग प्रमुखों को व्हाट्सऐप पर मैसेज कर समय पर दफ्तर पहुंचने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, कई अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। इस पर नाराज कलेक्टर ने सबसे पहले संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में निरीक्षण किया और हाजरी रजिस्टर जब्त कर लिए।
विभिन्न कार्यालयों में निरीक्षण
कलेक्टर सूर्यवंशी ने जिला पंचायत कार्यालय, आदिवासी विकास, पेंशन कार्यालय और रजिस्टार कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इन सभी स्थानों पर कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने सभी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया।
भविष्य में भी जारी रहेगा निरीक्षण
कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि कार्यालय का समय सुबह 10 से 6 बजे तक है और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण होते रहेंगे ताकि कर्मचारियों की अनुशासनहीनता पर रोक लगाई जा सके।




