Betul news: सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों से वंचित बैतूल का सुभाष स्कूल, सत्ता पक्ष ने नहीं सुनी स्कूल की समस्या, प्राचार्य ने आप पार्टी से लगाई मदद की आस 

बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण प्रांगण में बढ़ रही अतिक्रमण की संभावना 

सत्ता पक्ष के नेताओं से निराश होने के बाद प्राचार्य ने आम आदमी पार्टी से लगाई मदद की आस 

आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रमुख अजय सोनी ने की स्कूल प्रबंधन से मुलाकात, सुरक्षा और स्वच्छता के मुद्दों पर जताई चिंता

बैतूल। बैतूल के सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य ने स्कूल की समस्याओं को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं से निराश होने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं से मदद की आस लगाई है। उन्होंने स्कूल की सुरक्षा और स्वच्छता की समस्याओं से पार्टी को अवगत कराया। आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रमुख और राष्ट्रीय परिषद सदस्य अजय सोनी ने स्कूल प्रबंधन से मुलाकात की और समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का वादा किया।

अजय सोनी ने सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल प्रांगण की सुरक्षा और स्वच्छता के अभाव को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। इस मुद्दे पर स्कूल प्राचार्य से मिलने पहुंचे सोनी को प्राचार्य ने बताया कि उन्होंने भी कई बार स्थानीय सांसद, विधायक और जिला शिक्षा अधिकारी को पत्राचार कर इस विषय में अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अजय सोनी ने बताया कि बैतूल के सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का खेल प्रांगण वर्षो से सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों से वंचित है।

— स्कूल प्रांगण की दुर्दशा पर प्राचार्य का बयान– 

प्राचार्य ने बताया कि स्कूल में 9वीं से 12वीं तक लगभग 300 छात्र अध्ययनरत हैं। बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण प्रांगण में अतिक्रमण की संभावना बढ़ रही है। वार्डवासियों द्वारा कचरा फेंकना, गाय-घोड़ों को बांधना और निजी सामग्री रखना आम बात हो गई है। नगर पालिका परिषद से भी साफ-सफाई का कोई सहयोग नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान प्रांगण में पानी भर जाता है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

अजय सोनी ने कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के प्रति सुरक्षा और स्वच्छता के मुद्दे पर यह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बेहद निंदनीय है। उन्होंने बैतूल के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके और विधायक हेमंत खंडेलवाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उन्हें यह स्थिति दिखाई नहीं देती? सोनी ने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर भी स्कूल प्रबंधन और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संघर्ष करेंगे। अजय सोनी ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही जिम्मेदार जन प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मिलकर इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग करेंगे। स्कूल प्रांगण की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और उज्जवल हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button