Betul news: मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आज खेलों का इतिहास दोहराएगा बैतूल
वरिष्ठ खिलाड़ी संघ बैतूल और अहलूवालिया परिवार बैतूल, अमेरिका के संयुक्त तत्वाधान में हो रहा आयोजन

अपनी मधुर धुनों से समारोह में रंग भरेगा पुलिस बैंड
खेल शिखर अलंकरण समारोह में खेल इतिहास की लगेगी दुर्लभ प्रदर्शनी
विधायक हेमंत खंडेलवाल खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय
विश्व कप विजेता अशोक कुमार और महान खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान
आतिशबाजी से जगमगाएगा बैतूल का खेल इतिहास
बैतूल। बैतूल में 17 अप्रैल को खेल प्रेमियों को वो सब कुछ देखने मिलेगा जो शायद ही पहले कभी हुआ हो। 1975 की हॉकी विश्व विजेता भारतीय टीम के नायक अशोक कुमार खुद मौजूद रहेंगे, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में जीत का गोल दागा था।
वरिष्ठ खिलाड़ी संघ बैतूल और अहलूवालिया परिवार बैतूल, अमेरिका के संयुक्त तत्वाधान में 17 अप्रैल को मेजर ध्यानचंद हाकी स्टेडियम में शाम 5 बजे से आयोजित कार्यक्रम में फुटबॉल और एथलेटिक्स में समान रूप से निपुण खिलाड़ी रह चुके अतिथि मंच पर विराजमान होंगे। दिवंगत खिलाड़ियों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और समापन पर गायक धीरज बोथरा, बुजुर्ग खिलाड़ियों को समर्पित कर जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां… गीत गाकर माहौल भावुक कर देंगे। फिर आसमान आतिशबाजी से जगमगाएगा और बैतूल के खेल इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना जुड़ जाएगा।
इस समारोह की जानकारी वरिष्ठ खिलाड़ी संघ के अध्यक्ष रमेश भाटिया और सचिव मुकेश वर्मा लल्ली ने दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में होने जा रहा है और वे ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इस आयोजन में बैतूल के उन महान खिलाड़ियों का भावपूर्ण सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने जिले का नाम रोशन किया है।
रमेश भाटिया और मुकेश वर्मा लल्ली ने बताया कि विधायक हेमंत खंडेलवाल स्वयं पारंपरिक भारतीय खेल खो-खो के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं और यही वजह है कि वे विधायक होते हुए भी खुद को पहले एक खिलाड़ी मानते हैं। उन्होंने हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े होकर खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाया है।
– नगर पालिका अध्यक्ष ने किया खेल मैदान का निरीक्षण
बैतूल के वरिष्ठ खिलाड़ी संतोष अमरोही ने बताया कि इस आयोजन में क्रिकेट के लिटिल मास्टर कहे जाने वाले महेन्द्र सिंह तोमर और एथेलेटिक्स तथा फुटबॉल दोनों खेलों में पारंगत श्रीनिवास दवड़े विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनकी उपस्थिति सभी खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय होगी।
समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पार्वती बारस्कर ने नगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वालिया परिवार के सदस्य इंदी वालिया से व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक निर्देश भी मौके पर दिए।
– विधायक हेमंत खंडेलवाल का प्रयास हुआ सार्थक
वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी बबन शर्मा और नरेश शर्मा ने बताया कि पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल और वर्तमान विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से बैतूल को स्विमिंग पूल, स्केटिंग मैदान और मेजर ध्यानचंद स्टेडियम जैसी खेल सुविधाएं प्राप्त हुईं। इन सुविधाओं से खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर मिला है और विधायक हेमंत खंडेलवाल आज भी खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय हैं।
इस अवसर पर 1975 की हॉकी विश्व विजेता भारतीय टीम की यादों से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी को खेल शिक्षक नितेश राजपूत द्वारा तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में 1975 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत को विजयी बनाने वाले अशोक कुमार स्वयं उपस्थित रहेंगे, जिन्होंने ऐतिहासिक गोल किया था।
– राष्ट्रीय गीत से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र गीत के साथ होगी और इसके बाद मेजर ध्यानचंद, पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल, देवेंदर सिंह कुकू चाचा तथा वरिष्ठ खिलाड़ी एस.एस. तोमर के छाया चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
राष्ट्रीय कोच विनोद बुंदेले के निर्देशन में पारंपरिक लाठी का प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस बैंड अपनी मधुर धुनों से समारोह में रंग भरेगा। कार्यक्रम के समापन पर बैतूल के प्रसिद्ध गायक धीरज बोथरा, बुजुर्ग खिलाड़ियों को समर्पित कर मेरा नाम जोकर फिल्म का प्रसिद्ध गीत जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां… प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद बुजुर्ग खिलाड़ियों के सम्मान में आकाश में आतिशबाजी भी की जाएगी।
– कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ खिलाड़ी नरेंद्र सिंह ठाकुर और मुकेश वर्मा लल्ली द्वारा किया जाएगा। आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य मनप्रीत सिंह वालिया ने बताया कि सभी खिलाड़ी एक टीम की भावना से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जपप्रीत सिंह वालिया ने कहा कि नगर के नागरिकों, खिलाड़ियों और मीडिया का अभूतपूर्व सहयोग इस आयोजन को मिल रहा है। बैतूल के सभी खिलाड़ियों ने नागरिकों से इस ऐतिहासिक और भावनात्मक कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।




