Betul news: इंडिया फाइट एचआईवी के अंतर्गत एनएच 69 टोल नाके पर चलाया जागरूकता अभियान
एचआईवी, एड्स का डर मिटाने के लिए योर्स सोशल सोसायटी ने शुरू किया अभियान

नए संक्रमणों को रोकना हमारी प्राथमिकता: निर्देश मदरेले
बैतूल। योर्स सोशल सोसायटी द्वारा 8 अक्टूबर को लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के तहत एचआईवी/एड्स के संबंध में एक सघन जागरूकता अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता अभियान का आयोजन इंडिया फाइट एचआईवी एंड एसटीआई/आरटीआई के अंतर्गत एनएच 69 टोल नाके पर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान, लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक निर्देश मदरेले ने उपस्थित लोगों से कहा कि नए संक्रमणों को रोकना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, तभी वर्ष 2030 तक एचआईवी/एड्स को समाप्त करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने युवाओं और उच्च जोखिम समुदाय को नए वेरियंट के प्रति सतर्क रहने और अन्य लोगों को जागरूक करने की अपील की।कार्यक्रम में निर्देश मदरेले ने एचआईवी के चार मुख्य कारण और उनके बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही, एचआईवी/एड्स 2017 एक्ट के बारे में जानकारी दी गई और आई सी मटेरियल का वितरण भी किया गया।
उन्होने लोगों से निवेदन किया कि वे अपने घर, परिवार और समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि एचआईवी संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव न किया जाए और उन्हें समाज में समानता का अधिकार दिया जाए। ओआरडब्ल्यू भाग्यश्री तालमपुरिया ने कहा कि यह सघन जागरूकता कार्यक्रम 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2024 तक चलाया जा रहा है, जिसमें गर्भवती महिलाओं और अन्य लोगों को एचआईवी/एड्स, सिफिलिस, हेपेटाइटिस बी और सी संक्रमण के बारे में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान भाग्यश्री तालमपुरिया, कीर्ति नामदेव, और नमिता बरेठिया उपस्थित रहे। उन्होंने एचआईवी के बारे में जानकारी देने के साथ ही टोलफ्री नंबर 1097 की जानकारी भी दी। ओआरडब्ल्यू भाग्यश्री तालमपुरिया ने बताया इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को सही जानकारी प्रदान करके एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। बैतूल में इस तरह के आयोजनों से समाज में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।




