Betul news: शंकर नगर में चाकूबाजी से 17 वर्षीय नाबालिग की मौत, गणेश विसर्जन के दौरान हुआ था झगड़ा

बैतूल। गंज थाना इलाके के शंकर नगर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे एक 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद मृतक के साथियों ने एक आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान माचना नगर निवासी लक्ष्य के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ सब्जी का ठेला लगाने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय लक्ष्य अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर के पास बैठा था, तभी स्कूटी से राजेश वाडिवा उर्फ लड्डू (27) दो नाबालिगों के साथ वहां पहुंचा। लड्डू के साथ आए एक नाबालिग ने लक्ष्य से पुराने झगड़े को लेकर बहस शुरू कर दी, जो जल्दी ही हिंसक हो गई। इसी बीच एक नाबालिग ने चाकू निकालकर लक्ष्य पर तीन वार किए-दो वार पेट में और एक कमर में, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद, लक्ष्य के साथियों ने मौके पर मौजूद एक नाबालिग हमलावर को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसे भी गंभीर चोटें आईं और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंज थाना प्रभारी रविकांत डहरिया ने बताया कि यह हत्या पिछले गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद और लंबे समय से चल रहे आपसी तनाव के कारण हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से फरार मुख्य आरोपी लड्डू और एक अन्य नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों ही मेहनतकश परिवारों से हैं- मृतक सब्जी का ठेला लगाता था जबकि आरोपी केटरिंग का काम करते हैं।




