Betul Machana Aniket : माचना एनीकेट पर स्टॉप डैम निर्माण कार्य हुआ पूरा
Machana Aniket: Stop dam construction work completed on Machana Aniket
अब पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विकसित करने की तैयारी
बैतूल। विवेकानंद वार्ड में स्थित माचना एनीकेट के डाउन साइड में लगभग 53 लाख की लागत से स्टॉप डेम निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। अब माचना डैम के ओवरफ्लो का पानी व्यर्थ ना बहते हुए स्टॉप डेम में स्टोर होगा। इसके साथ ही यहां पर नगर पालिका द्वारा पिकनिक स्पॉट भी विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
स्टॉप डैम लगभग 40 मीटर चौड़ा एवं 3 मीटर ऊंचा बनाया गया है। यह डैम के बन जाने से ओवरफ्लो का पानी यहां पर रुक जाएगा। फिल्टर प्लांट पर पानी कम पड़ने पर इस डैम का पानी पेयजल के लिए ले लिया जाएगा, जिससे नगरपालिका पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं आएगा। पूर्व में फिल्टर प्लांट के पुराने डैम का पानी ओवरफ्लो होकर बह जाता था, जिसका कोई उपयोग नगर पालिका नहीं कर पाती थी। अब स्टॉप डेम बन जाने से ओवरफ्लो का पानी भी उपयोग में आ सकेगा।
धार्मिक स्थल के साथ पिकनिक स्पॉट भी बनेगा
उल्लेखनीय है कि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष आनंद प्रजापति के द्वारा विगत कई समय से स्टॉप डेम की मांग की जा रही थी। नगर पालिका चुनाव के पूर्व कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ने स्वीकृति प्रदान की थी।लगभग 53 लाख की लागत से इस कार्य को पूर्ण कराने में वर्तमान नगर पालिका ने प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर इस कार्य को पूर्ण कराया है। इस डेम के बनने के पूर्व यहां पर एक सुंदर घाट का भी निर्माण नगर पालिका द्वारा पूर्व परिषद में कराया गया था। साल भर यहां धार्मिक पर्व होते हैं। गणेश उत्सव, दुर्गा उत्सव, भुजरिया विसर्जन, तीज महोत्सव जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं यहां आकर पर्व मनाती है। इस घाट के बनने से अब और सुविधा मिल सकेगी। विगत 2 वर्ष से नगर पालिका द्वारा यहां पर माचना जयंती भी बड़े धूमधाम से मनाई जा रही है।
जिला योजना समिति सदस्य आनंद प्रजापति का प्रयास है कि इस स्थल को धार्मिक स्थल के साथ-साथ पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विकसित करें ताकि सुबह शाम यहां पर जो बुजुर्ग आते हैं उनको शांति से यहां का सौंदर्य निखारने का अवसर मिलेगा। नगर पालिका आने वाले समय में यहां पर एक सेल्फी पॉइंट भी बनाएगी, जिससे शहर के लोगों को मनोरंजन का भरपूर फायदा यहां आने पर मिलेगा। इस स्थान को विकसित करने के लिए सांसद डीडी उईके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर एवं समस्त पार्षदजनों के साथ-साथ पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अलकेश आर्य का भी सहयोग रहा है। वर्तमान में सीएमओ नगरपालिका अक्षत बुंदेला और उनकी पूरी तकनीकी टीम का सक्रियता के साथ सहयोग रहने से यह कार्य समय सीमा में पूर्ण करा लिया गया है।