Awareness program organized: 150 गांवों में ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान का आगाज

बैतूल। जिले में 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2024 तक पूरे देश में चलाए जा रहे ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हो रही हिंसा, बाल विवाह, बाल यौन शोषण, ट्रैफिकिंग और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। प्रदीपन संस्था की निदेशक रेखा गुजरे ने इस अभियान का नेतृत्व किया और बजरवाड़ा गांव में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं पर होने वाले अत्याचार उनके मानव अधिकारों का हनन हैं और कानूनी अपराध भी हैं।

ग्रामीणों को दी गई कानूनी जानकारी

रेखा गुजरे ने कहा कि अधिक पैसे के लालच में बालिकाओं को अन्य राज्यों में भेजना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा पर ध्यान देने और बाल विवाह रोकने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बालिकाओं को ट्रैफिकिंग से बचाने, शिक्षा में सहयोग देने और समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, यौन शोषण के खिलाफ कानूनी अधिकारों और न्याय तक पहुंच के लिए जिला विधिक सहायता केंद्र और वन-स्टॉप सेंटर जैसी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

टोल फ्री नंबरों की दी गई जानकारी

संस्था ने बच्चों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार के टोल-फ्री नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन 100 और 1090 की उपयोगिता भी बताई। कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक किया गया और पाक्सो एक्ट के तहत सुरक्षा के उपाय सुझाए गए।

रेखा गुजरे ने समाज को चेताया कि पलायन करने वाली लड़कियों को ट्रैफिकिंग एजेंट शिकार बना सकते हैं, जो अधिक मजदूरी, नौकरी या शादी का झांसा देकर उन्हें ले जाते हैं और उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित रखने के लिए परिवार और समाज दोनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

बाल विवाह न करने की शपथ ली

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने ‘न हिंसा सहेंगे, न हिंसा करेंगे’ और बाल विवाह न करने की शपथ ली। कार्यक्रम में काउंसलिंग के माध्यम से बाल विवाह और ट्रैफिकिंग के गंभीर दुष्परिणामों और कानूनी सजा के प्रावधानों पर चर्चा की गई। इस जागरूकता अभियान में सहयोगी के रूप में अलका नागले, रविशंकर चवारे और कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button