Attempted Kidnapping : निडर हो गए बदमाश, दो छात्राओं पर बेहोशी की दवा डालकर अगवा करने का प्रयास
रास्ते में बाइक से कूद गईं छात्राएं, घायल होने पर जिला अस्पताल में किया भर्ती,एसपी बोले: नशे के पाउडर संबंधित कोई बात नहीं

Attempted Kidnapping : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि कहीं खुलेआम चाकू लहराकर राहगीरों पर जानलेवा हमला किया जा रहा है तो कहीं पर छात्राओं का अपहरण करने का प्रयास हो रहा है। बदमाशों की निडरता का प्रमाण शुक्रवार को बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। स्कूल जाने वाली दो छात्राओं को नशीले पदार्थ से बेहोश कर बाइक से अगवा करने की घटना से बैतूलबाजार थाना पुलिस की कथित सतर्कता की पोल खुल रही है।

जिले के बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में स्कूल की दो छात्राओं पर बेहोशी की दवा डालकर अगवा करने का प्रयास किया गया। छात्राओं को रास्ते में जब अनहोनी का अहसास हुआ तो चलती बाइक से कूद गईं। दोनों को चोट आने पर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। एएसपी कमला जोशी ने बताया कि बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर की छात्राएं बैतूलबाजार कन्या स्कूल में कक्षा 12 वीं में पढ़ती हैं। स्कूल आने के लिए शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वे पैदल बैतूल-नागपुर हाइवे पर आ रहीं थीं।
इसी दौरान उन्हें बाइक सवार युवक ने स्कूल छोड़ने का झांसा दिया और बाइक पर बैठते ही छात्राएं बेसुध हो गईं। बाइक चालक उन्हें बैतूलबाजार की ओर लेकर जा रहा था। रास्ते में छात्राओं को होश आने पर अहसास हुआ कि उन्हें कहीं और ले जाया जा रहा है। उन्होंने बाइक चालक से रोकने के लिए कहा लेकिन उसने बाइक नहीं रोकी तो दोनों उस पर से कूद गईं। बाइक से कूदने के कारण दोनों छात्राओं को गंभीर चोट आई। बाइक चालक मौके से भाग गया। राहगीरों ने उन्हें घायल पड़ा देखा तो रास्ते से गुजर रही एंबुलेंस को रोककर उनका प्राथमिक उपचार कराया। छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
एसपी बोले: नशे के पाउडर संबंधित कोई बात नहीं
पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया का कहना है कि थाना बैतूलबाज़ार में सुबह दो बच्चियों के साथ घटित घटना पश्चात पश्चात उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया किया गया। मेरी स्वयं उन बच्चियों से बात हुई है , इस विषय में उनका स्पष्ट कहना है कि इस प्रकार नशे के पाउडर संबंधित कोई बात नहीं हुई है । प्रकरण में गहन छानबीन जारी है।




