भारत-अमेरिका ट्रेड डील और मनरेगा बदलाव के विरोध में 24 फरवरी को विधानसभा घेराव:
कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने किया भोपाल कूच का आह्वान | ब्लॉक स्तर पर 20 फरवरी को पुतला दहन, व्यापक जनसंपर्क और बैठकों के निर्देश|

बैतूल। भारत-अमेरिका ट्रेड डील और मनरेगा में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने निर्णायक आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के पालन में 24 फरवरी मंगलवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल के अध्यक्ष निलय डागा ने स्पष्ट किया है कि जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, किसान, मजदूर और युवा भोपाल पहुंचकर इस आंदोलन को मजबूती देंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल के संगठन महासचिव ब्रज भूषण पांडे ने समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को पत्र जारी कर दल-बल सहित भोपाल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि मोदी सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील देश की कृषि व्यवस्था पर सीधा हमला है। यह समझौता छोटे, सीमांत और मध्यम किसानों तथा व्यापारियों को असमान प्रतिस्पर्धा में धकेलने वाला है और देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर कर बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम परिवर्तन कर एवं नियमों में बदलाव कर मजदूरी के कानूनी अधिकार को समाप्त करने की साजिश की गई है, जिसे गरीब विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया गया है।
प्रदेश स्तर पर कांग्रेस ने तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को भी प्रमुख मुद्दा बनाया है। कफ सिरप से हुई मौतों के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सेना अधिकारी एवं महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी के आरोपों में घिरे मंत्री विजय शाह तथा भागीरथपुरा में दूषित जलप्रदाय से हुई मौतों के लिए दोषी ठहराए जा रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग उठाई गई है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की असफलताओं के कारण प्रदेश आर्थिक बदहाली और अराजकता के दौर से गुजर रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार 20 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री और तीनों मंत्रियों का पुतला दहन किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लॉक स्तरीय बैठकों का आयोजन, व्यापक जनसंपर्क अभियान तथा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
24 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे भोपाल के जवाहर चौक में विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बैतूल जिले से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं, किसानों, मजदूरों और युवा साथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। कांग्रेस ने इसे गरीबों, किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की रक्षा की निर्णायक लड़ाई बताते हुए इसे जनअधिकारों के आंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया है।




