विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत माताओं को छह माह तक केवल स्तनपान कराने की दिलाई शपथ

बैतूल। महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के तहत विनोबा वार्ड की आंगनवाड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम जीवन की स्थाई शुरुआत के लिये स्तनपान: कारगर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी राजेश परिहार, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ. रत्नेश खाड़े, बीपीएम प्रकाश माकोड़े, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कृष्णा पाटिल, महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक विवेक उइके, पर्यवेक्षक राखी ज्ञानचंदानी व रूपा मिश्रा तथा विनोबा वार्ड पार्षद शीला महाले एवं लोहिया वार्ड पार्षद सोमती धुर्वे उपस्थित रहीं।

बीपीएम प्रकाश माकोड़े ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने और छह माह तक केवल स्तनपान कराने का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी राजेश परिहार ने स्तनपान से प्रसूता को होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी, जबकि सहायक संचालक विवेक उइके ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। सेक्टर पर्यवेक्षक राखी ज्ञानचंदानी ने स्तनपान के समय स्वच्छता बरतने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को जन्म के तुरंत बाद से छह माह तक केवल स्तनपान कराने की शपथ दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में विनोबा एवं लोहिया वार्ड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button