श्री माता मंदिर में भोलेनाथ का हुआ महाकाल स्वरूप श्रृंगार, भांग से सजे शिवलिंग के श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अखंड रामायण पाठ का हवन-पूजन के साथ समापन, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

बैतूल। शंकर नगर स्थित प्राचीन श्री माता मंदिर में सावन माह के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का महाकाल स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। भांग से सजे शिवलिंग के मनोहारी स्वरूप के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सदर निवासी आशीष यादव द्वारा किए गए इस आकर्षक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर समिति ने सुंदर श्रृंगार के लिए आशीष यादव का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
वहीं मंदिर परिसर में आयोजित संगीतमय अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का रविवार को विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
– रामायण गायन कलाकारों का किया सम्मान
अखंड रामायण पाठ के समापन अवसर पर मंदिर समिति की ओर से रामायण गायन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों का सम्मान किया गया। मंदिर में नियमित रूप से सुंदर भजनों की प्रस्तुति देने वाली भजन गायिका यशस्वी सत्यम टोरिया को माता की पावन भेंट देकर सम्मानित किया गया। वहीं भजन गायक संदीप अवाडकर एवं उनके परिवार को भी माता की पावन भेंट प्रदान की गई।
– सुख-शांति और अच्छी बारिश की कामना
मंदिर समिति के अध्यक्ष डब्बू सेठ ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं, सामाजिक बंधुओं, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सुख-शांति और अच्छी बारिश की कामना की।




