fake recruitment: फर्जी तरीके से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती का आरोप
स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर की शिकायत

बैतूल। आंगनवाड़ी जिराढाणा हसलपुर पंचायत में फर्जी तरीके से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती करने का आरोप लगाते हुए स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत की है। अपर कलेक्टर को सौंपे शिकायत आवेदन में महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत हसलपुर में जिराढाणा के आंगनवाड़ी केन्द्र में पदस्थ कार्यकर्ता गीता अमोदकर का निधन हो गया था। जिसके कारण आंगनवाड़ी केन्द्र में नई कार्यकर्ता की नियुक्ति किया जाना था। नियम अनुसार नियम पंचायत की ही शिक्षित महिला को नियुक्त किया जाना था, लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत से पंचायत की जानकारी के बगैर पद भरने का कार्य किया गया। जिस महिला की नियुक्ति आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए की गई है वह महिला हसलपुर पंचायत से है ही नही वह निमझिरी पंचायत की है। वह पहले से ही अशा कार्यकर्ता के पद पर लक्ष्मण नगर में पदस्थ है जो कि जांच का विषय है। शिकायतकर्ता स्व सहायता समूह की महिलाओं ने मांग की है कि उक्त भर्ती की जांच की जाए एवं उस पद की भर्ती निकलवाई जाए जो भी चयनित होंगे उन्हे पद दिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिराढाना महिला समूह, मां वैष्णवी आजीविका स्व.सहायता समूह, मां रेणुका आजीविका स्व.सहायता समूह, मां गौरी आजीविका स्व.सहायता समूह, दिक्षा आजीविका स्व सहायता समूह हसलपूर वि.ख. आमला की महिलाएं शामिल रहीं।




