तारा पंचायत के निर्माण कार्यों में 20 प्रतिशत कमीशन पर ठेका देने का आरोप
विधायक और कलेक्टर से के पास शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण, कार्रवाई की मांग, पंचायत के विकास कार्यों की जांच कराने की मांग

बैतूल। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तारा में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके और कलेक्टर सौरभ संजय सोनवने को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कई निर्माण कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं, जबकि उनकी राशि आहरित की जा चुकी है। साथ ही वर्तमान में चल रहे कार्यों में भी गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
– कमीशन पर ठेका देने का आरोप
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि पंचायत के स्वीकृत निर्माण कार्य चिचोली के एक ठेकेदार को 20 प्रतिशत कमीशन पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष के हस्तक्षेप से दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि विभागीय इंजीनियर और जनपद पंचायत के अधिकारियों ने निर्माण कार्यों का मौके पर निरीक्षण नहीं किया। शिकायत करने पर सरपंच, सचिव और ठेकेदार द्वारा झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
– कई निर्माण कार्य अधूरे
ज्ञापन के अनुसार चीतल टेकरी पर स्वीकृत कचरा घर वर्षों से अधूरा पड़ा है। बजरंग मंदिर के पास 1.50 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत छत चौपाल जनवरी 2024 से अपूर्ण है, जबकि भुगतान हो चुका है। ग्रामीणों ने चौपाल निर्माण में हनीकॉम्बिंग जैसी गुणवत्ता संबंधी खामियों का भी उल्लेख किया है। बट्टीढाना में 14.85 लाख रुपये की लागत से बन रही कलवर्ट पुलिया के निर्माण में भी निर्धारित मापदंडों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
– अन्य कार्यों की भी जांच की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि चुब्बा के घर से लालमन के घर तक स्वीकृत 250 मीटर सड़क में केवल 190 मीटर निर्माण किया गया। इसके अलावा सरपंच के खेत में पटिया डेम निर्माण कर व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने, फुलेसिंह के घर के पास स्वीकृत चौपाल को आठ माह से अधूरा छोड़ने तथा नाली निर्माण में घटिया सरिया और कम लोहे के उपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।




