ई-अटेंडेंस के विरोध में दूसरे दिन भी डटे रहे कृषि विस्तार अधिकारी, ऑनलाइन कामकाज ठप

11 अगस्त से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल की चेतावनी बरकरार, काली पट्टी बांधकर पूरे जिले में जताया विरोध

बैतूल। ई-अटेंडेंस व्यवस्था के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारियों का प्रदेशव्यापी आंदोलन दूसरे दिन 5 अगस्त को भी जारी रहा। बैतूल जिले के सभी विकासखंडों में अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और एमपी किसान पोर्टल, उन्नति ऐप, फसल बीमा, सीएम हेल्पलाइन सहित सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार जारी रखा। अधिकारियों का कहना है कि फील्ड आधारित कार्यप्रणाली के बावजूद मुख्यालय से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता अव्यावहारिक है और इसे वापस नहीं लिया गया तो 11 अगस्त से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

आंदोलन के दूसरे दिन भी जिलेभर के कृषि विस्तार अधिकारी एकजुट नजर आए। भीमपुर विकासखंड से संध्या खन्ना, नितिन यादव, सुकाली धुर्वे, दिनेश चौहान तथा चिल्लर से विक्रम सिंह कुमरे सहित अन्य अधिकारियों ने ई-अटेंडेंस के विरोध में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। संघ के आह्वान पर सभी विकासखंडों में ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार जारी रहा, जबकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए खाद और बीज वितरण जैसी आवश्यक सेवाएं पूर्ववत संचालित की गईं।

जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि कृषि विस्तार अधिकारियों का अधिकांश समय गांवों और खेतों में किसानों के बीच बीतता है। सुबह से देर रात तक फील्ड में काम करने वाले अधिकारियों के लिए मुख्यालय पहुंचकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना न तो व्यावहारिक है और न ही सुरक्षित। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यालय, इंटरनेट और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, वहीं महिला अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों में देर रात तक कार्य करने के दौरान सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। संघ ने 630 रुपये के साइकिल भत्ते को भी वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की।

संघ के अनुसार आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगे भी जारी रहेगा। 7 से 9 अगस्त तक विभागीय व्हाट्सएप समूहों का बहिष्कार किया जाएगा, 10 अगस्त को उपस्थिति केवल ऑफलाइन दर्ज कर उपसंचालक कार्यालय में जमा की जाएगी। यदि इस अवधि में शासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिला तो 11 अगस्त से प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। कृषि तकनीकी संविदा कर्मचारी संघ ने भी आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button