बंपर उत्पादन से गिरे चिरौंजी के दाम ।
गुठली की भरपूर फसल से बाजार में गिरावट । 1800 से 1100 तक आ सकते हैं भाव।

बैतूल। इस वर्ष गुठली (चिरौंजी) की बंपर फसल ने बाजार की तस्वीर बदल दी है। जहां सीजन की शुरुआत में चिरौंजी का मुहूर्त भाव 1800 रुपए प्रति किलो रहा, वहीं अब भरपूर उत्पादन के चलते भाव गिरकर 1 हजार से 1100 रुपए प्रति किलो तक आने की संभावना जताई जा रही है। अचानक बढ़ी आवक से मंडी का रुख नरम पड़ गया है।
जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष मध्यप्रदेश में चिरौंजी की फसल केवल 15 से 20 प्रतिशत ही रही थी, जिसके कारण बाजार में अच्छे दाम मिल रहे थे। लेकिन इस साल उत्पादन 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अधिक आपूर्ति के कारण कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक गिरावट की आशंका व्यक्त की जा रही है। मंडी में चिरौंजी के भाव फसल और आवक के अनुसार तय होते हैं, ऐसे में लगातार बढ़ती आवक दामों पर दबाव बना रही है।
किसानों और मजदूरों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों से जिस स्तर के भाव मिल रहे थे, इस बार वैसी उम्मीद कम है। अधिक उत्पादन के बावजूद घटते दाम सीधे तौर पर उनकी आय पर असर डाल सकते हैं। व्यापारियों का भी मानना है कि बाजार में मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक रहने से मुनाफा घटेगा, जिससे उनकी जेब पर भी सीधा असर पड़ेगा।
कुल मिलाकर इस साल की बंपर फसल जहां उत्पादन के लिहाज से अच्छी मानी जा रही है, वहीं गिरते भाव किसानों और व्यापारियों दोनों के लिए चिंता का कारण बनते नजर आ रहे हैं।




