Betul news: ओला प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे विधायक हेमंत खण्डेलवाल, हर संभव मदद का दिया आश्वासन
संयुक्त प्रशासनिक दल के साथ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियो को दिए निर्देश

Betul News Today: बैतूल। विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को बैतूल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों का राजस्व विभाग, कृषि विभाग के संयुक्त प्रशासनिक दल के साथ निरीक्षण किया। ओला से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर उन्होंने तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित कोई भी किसान सर्वे एवं राहत से वंचित न रहे।
विधायक बैतूल विकासखण्ड के ग्राम खेड़ी, देवगांव, हिवरखेड़ी, गड़ा, कुम्हली, जीन बोरगांव समेत विभिन्न ग्रामों में ओलावृष्टि प्रभावित फसलों के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर प्रभावित फसलों को हुए नुकसान का शतप्रतिशत मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित समस्त हल्के के पटवारी, ग्राम सेवक एवं सरपंच उपस्थित थे। विधायक ने अधिकारियों को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाके जल्द से जल्द सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान हुआ है।
इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वे के लिए निर्देशित किया है। इस मौके पर विधायक के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन बारस्कर, मंडल उपाध्यक्ष जुबैर पटेल, महामंत्री कमल मालवीय, कोषाध्यक्ष चंद्रभान सिंह, भाजपा नेता गोकुल सिंह, रूपेश अग्रवाल, धर्मेंद्र राठौर, पर्वत घोटे, होलक दरवई, मदन वागद्रे, दीपक खंडाग्रे, सुनील अहाके, युवा मोर्चा से अनिल सिंह, शिबू सिद्दीकी, बबलू अन्ना सहित किसान एवं भाजपा नेता उपस्थित रहे।




