Naked And Beaten : आदिवासी युवक को नग्न कर पीटने वाले दो फरार आरोपी हुए गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपी पकड़े गए

Naked And Beaten : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी समाज के युवक को नग्न कर उल्टा लटकाकर बर्बरता से पीटने के मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को रविवार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के हाथ अब तक पांच आरोपी ही लग पाए हैं जबकि अन्य अभी तक फरार चल रहे हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया कि बांसपानी निवासी आशीष परते के साथ मारपीट करने के मामले में आरोपी रिंकेश चौहान और अमित को रविवार मुखबिर की सूचना पर खेड़ी सांवलीगढ़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी कहीं भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बांसपानी निवासी आशीष परते के साथ 15 नवंबर 2023 को बैतूल के आजाद वार्ड में नग्न कर उल्टा लटकाकर बेरहमी से पिटाई की गई थी। इस घटना का वीडियो तीन माह बाद 13 फरवरी की शाम को सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने चैंट उर्फ शोहराब, रिंकेश चौहान, सोहेल और अन्य के खिलाफ धारा 327,365,368, 342, 323, 294, 506, 34 भादवि एवं 3(1)(आर), 3(1)(एस), 3(1)(ई) , 3(2)(वीए ), 3(2)(वी) एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित सोहेल काे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी चैंट उर्फ शोहराब के आजाद वार्ड स्थित अवैध मकान और रिंकेश चौहान के कुंड बकाजन स्थित अवैध घर को बुलडोजर से ढहाने की कार्रवाई भी की।
चैंट पर हुई रासुका की कार्रवाई
15 फरवरी को भोपाल पुलिस के द्वारा इंदौर भागने का प्रयास कर रहे मुख्य आरोपी चैंट उर्फ शोहराब को गिरफ्तार कर बैतूल पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपी चैंट उर्फ शौहराब पिता जाकिर हुसैन 31 साल निवासी आजाद वार्ड बैतूल के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3(2) रासुका पेश किया। जिला मजिस्ट्रेट बैतूल द्वारा आरोपी के विरूद्ध रासुका के तहत कार्रवाई करते हुए उसे केन्द्रीय जेल भोपाल में निरूद्ध रखने के लिए 15 फरवरी को आदेश दिया।
इस आदेश के परिपालन में पुलिस ने आरोपी को केंद्रीय जेल भोपाल पहुंचा दिया है। प्रदेश सरकार ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी का तबादला कर दिया और कोतवाली टीआई आशीष सिंह पवार को निलंबित कर दिया गया है। आदिवासी समाज के द्वारा बैतूल बंद कर आक्रोश रैली निकालकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग भी की है।इस घटना को लेकर आदिवासी समाज बेहद नाराज है।




