NSA Action : आदिवासी युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटने वाले मुख्य आरोपी शौहराब उर्फ चैंट के विरूद्ध की गई रासुका की कार्यवाही
भोपाल जेल में शिफ्ट करने के आदेश

NSA : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी समाज के युवक का अपहरण करने के बाद उसे नग्न कर उल्टा लटकाया और बर्बरतापूर्ण तरीके से मारपीट की गई। इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी शौहराब उर्फ चैंट पिता जाकिर हुसैन 31 साल निवासी आजाद वार्ड के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई है। उसे केंद्रीय जेल भोपाल में निरूद्ध रखने के संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
थाना कोतवाली बैतूल में युवक को नग्न अवस्था में कर की गई मारपीट के मामले में आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रं. 151/2024 धारा 327,365,368, 342,323, 294,506,34 भादवि एवं 3(1)(आर), 3(1)(एस), 3(1)(ई) , 3(2)(va), 3(2)(v) SC/ST ACT का कायम किया जाकर आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है ।
मुख्य आरोपी शौहराब उर्फ चैंट पिता जाकिर हुसैन 31 साल निवासी आजाद वार्ड बैतूल के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधि. 1980 की धारा 3(2) रासुका पेश किया गया ।जिसमें जिला मजिस्ट्रेट बैतूल द्वारा आरोपी के विरूद्ध रासुका के तहत केन्द्रीय जेल भोपाल में निरूद्ध रखने के लिये 15.02.2024 को आदेश जारी किया गया है ।
भोपाल जेल में शिफ्ट करने के आदेश
आदिवासी युवक को निर्वस्त्र कर मारपीट के मुख्य आरोपी सोहराब हुसैन उर्फ चैंट को बैतूल से भोपाल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा इस आशय के आदेश जारी किए है। अपर पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के प्रतिवेदन के अनुसार किदवई वार्ड बैतूल निवासी सोहराब उर्फ चैंट पिता जाकिर हुसैन एक आदतन अपराधी है। जिसके विरूद्ध विभिन्न थानों और धाराओं में 21 प्रकरण पंजीबद्ध है।
सोहराब हुसैन उर्फ चैंट जिले का एक आदतन अपराधी है जो हत्या, मारपीट, अड़ीबाजी, अपहरण, अवैध शराब विक्रय घातक हथियार रखने जैसी आपराधिक गतिविधियों में काफी समय से लिप्त है। आपराधिक गतिविधियों में तेजी से अग्रसर सोहराब की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। इसके पूर्व भी मारपीट, गुंडागर्दी जैसे जघन्य अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके है।
आदिवासी युवक के साथ मारपीट की घटना में बैतूल जेल में बंद सोहराब उर्फ चैंट के विरूद्ध उसकी आपराधिक गतिविधियों के डर से आम व्यक्ति गवाही आदि देने से डरने लगा है। इसके प्रभाव से युवा पीढ़ी भी अपराध जगत की ओर आकर्षित होने लगी है। शहर में सोहराब का आतंक इस कदर था कि पीड़ित व्यक्ति द्वारा अपने साथ मारपीट की घटना का जिक्र न तो पुलिस से किया गया और न ही घर में किया गया।
समाज को सुरक्षा एवं उसके आपराधिक प्रभाव से मुक्त कराने के लिए आवश्यक सख्त वैधानिक कार्रवाई के तहत बैतूल एवं आसपास के क्षेत्र में लोगों के मन में भय मुक्त वातावरण बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सोहराब उर्फ चैंट को बैतूल से भोपाल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा।




