events: श्री माता मंदिर में 7 दिनों तक बहेगी ज्ञान की गंगा

कलशयात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ शुरू

बैतूल। श्री माता मंदिर शंकर नगर, लोहिया वार्ड में शनिवार 4 फरवरी को श्रीमद् भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर से बैंडबाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई कथा स्थल पर पहुंची। जहां कथावाचक पंडित सुखदेव शर्मा ने भागवत की पूजा अर्चना की और पूजन के बाद कलश की स्थापना की गई। पंडित शर्मा ने अपने प्रवचनों में उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत पुराण की जानकारी देते हुए कहा कि श्रीमद्भगवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है। कथा सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है।

उन्होंने कहा कि नारद जी ने भक्ति देवी के कष्ट की निवृत्ति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का साप्ताहिक अनुष्ठान किया था। जहां संतकुमारों ने भागवत का प्रवचन करते हुए नारद के मन का संशय दूर किया। इसी कथा को धुंधकारी प्रेत ने अपने अग्रज से श्रवण किया और प्रेत योनि से मुक्ति पाकर विष्णु लोक को प्राप्त हुए। कथा व्यास ने कहा कि भगवत श्रवण से जीव के सभी पाप कर्म मिट जाते हैं। अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक डब्बू तलेड़ा से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को कथा का विराम होगा। 10 फरवरी को महाआरती, 11 को भंडारा और विशाल देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक भागवत कथा का आयोजन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button